
चित्तौडग़ढ़ में पुलिस की हिरासत में दुष्कर्म का आरोपी डालचंद मेघवाल।
पांच वर्षीय बालिका से दुष्कर्म मामले में पुलिस जुटा रही साक्ष्य,आरोपी को किया गिरफ्तार
चित्तौडग़ढ़. कोतवाली थाना पुलिस ने पांच वर्षीय मासूम बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बालिका का मेडिकल कराने के साथ घटना के अधिकतम साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपी को कड़ी सजा मिल सके।घटना के बाद पीडि़त मासूम को महिला एवं बाल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। बालिका की स्थिति में गुरूवार को सुधार होने पर चिकित्सकों ने उसे खतरे से बाहर बताया। मासूम के अस्पताल में भर्ती कराने के बाद अस्पताल में अंदर व बाहर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। बालिका जिस वार्ड में भर्ती थी वहां किसी भी व्यक्ति को पुछताछ करने के बाद ही जाने दिया जा रहा है। इधर, कोतवाली पुलिस दुष्कर्म के आरोपी डालचंद पुत्र मेघराज भील (३०) निवासी मोहर मंगरी को गिरफ्तार कर पुछताछ कर रही है। इधर, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष डॉ. सुशीला लढ़ा ने बच्ची की स्थिति की जानकारी लेने के बाद पुलिस अधीक्षक अनिल कयााल व अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश कलाल से मिल पीडि़त बालिका को अधिकतम राहत किस तरह मिल सकती इस पर चर्चा की।
गौरतलब है कि बालिका की मां ने कोतवाली में दी रिपोर्ट में बताया कि बुधवार को अपराह्न करीब तीन व चार बजे के बीच उसने अपनी पांच वर्षीय बेटी को दूध व माचिस लेने के लिए भेजा था। करीब आधे घंटे तक बालिका के घर नहीं लौटने पर उसकी मां ने तलाश शुरू की। इसी दौरान बालिका झाडिय़ों की तरफ से रोती हुई आती दिखाई दी। बालिका के शरीर से खून आ रहा था। पीडि़ता से उसकी मां ने पूछताछ की तो उसने बताया कि लाल कपड़े पहने हुए एक व्यक्ति उसे झाडिय़ों में लेकर गया और दुष्कर्म किया। कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया।
...............
जनप्रतिनिधि पहुंचे बालिका का हाल जानने
घटना के बाद पीडि़त बालिका के हाल जानने के लिए कई जनप्रतिनिधि व विभिन्न संगठनों के लोग अस्पताल पहुंचे। सांसद सीपी जोशी गुरूवार दोपहर बालिका से मिलने अस्पताल पहुंचे। विधायक चंद्रभान आक्या, सभापति सुशील शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि बुधवार रात ही अस्पताल पहुंच पीडि़ता के परीजनों से मिले।
माहौल देख पुलिस ने नहीं बरती ढिलाई
अलवर जिले के थानागाजी में गैंग रेप के बाद पूरे राज्य में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे है। पुलिस के प्रति लोगों में आक्रोश फैला हुआ है। ऐसे में चित्तौडग़ढ़ में भी बुधवार को दुष्कर्म का मामला सामने आते ही पुलिस ने किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखदेव जांगिड़ स्वयं मौके पर पहुंच साक्ष्य जुटाने में लग गए तो पुलिस अधीक्षक अनिल कयाल निरन्तर अधीनस्थ अधिकारियों से मामले में प्रगति की जानकारी लेते रहे।
बाल कल्याण समिति ने लिया प्रसंज्ञान
दुष्कर्म की घटना पर बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष डॉ. सुशीला लढ़ा ने प्रसंज्ञान लिया। समिति अध्यक्ष डॉ. लडï्ढा, सदस्य अरविंद पुरोहित, सुमित्रा साहू, कालूलाल सुथार जिला अस्पताल पहुंच पीडि़त बालिका से मिले और परिजनों से घटना की जानकारी ली।जांच अधिकारी एएसआई अमरसिंह को पीडि़त प्रतिकर के लिए निर्धारित प्रारुप में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एडीजे सचिव को भेजने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक कयाल से भी वार्ता कर शीघ्र कार्रवाई करने के लिए कहा। एडीएम मुकेश कलाल व विनय पाठक से भी नियमानुसार सहायता राशि दिलाने की बात की। अध्यक्ष व सदस्यों ने बालिका का उपचार कर रहे डॉ. हेमलता बक्षी से भी मुलाकात कर उसके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक जेपी चांवरिया ने बताया कि पीडि़ता को सहायता उपलब्ध करवाने की कार्रवाई की जा रही है।
बालिका के स्वास्थ्य में सुधार
दुष्कर्म पीडि़ता को बुधवार शाम को महिला एवं बाल चिकित्सालय में भर्ती कराया। बालिका के स्वास्थ्य को देखते हुए अस्पताल में महिला एवं प्रसूती रोग विशेष डॉ. हेमलता बक्षी, पीएमओ डॉ.मधुप बक्षी देर रात तक मौजूद रहे। डॉ. हेमलता बक्षी ने बताया कि बालिका के स्वास्थ्य में सुधार के बाद गुरूवार शाम उसे छुट्टी कर दी गई।
पुलिस ने शामिल किया केस ऑफिसर स्कीम मेंं
मासूम बालिका से दुष्कर्म के मामले को पुलिस ने केस ऑफिसर स्कीम में शामिल कर लिया है। इसके तहत प्रकरण में शीघ्र चालान पेश करने के साथ इसका निरन्तर फॉलोअप किया जाएगा। पुलिस की प्राथमिकता रहेगी कि इस केस में शीघ्र दोषी को सजा मिले।
डीजे को भेजा सहायता का प्रस्ताव
दुष्कर्र्म पीडि़त बालिका की सहायता के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से पीडि़त प्रतिकर सहायता स्कीम के तहत प्रस्ताव बना जिला एवं सेशन न्यायाधीश को भिजवाया गया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद पीडि़ता को आर्र्थिक सहायता भी मिल सकेगी।
...............
आरोपी को दिलाएंगे सख्त सजा
बालिका से दुष्कर्म की दुर्भागयपूर्ण घटना को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने के साथ अधिकाधिक साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है ताकि दोषी को सख्त सजा दिलाई जा सके।
अनिल कयाल, पुलिस अधीक्षक, चित्तौडग़ढ़
Published on:
09 May 2019 10:20 pm
