
कहां पर हुुआ दो दिन में पौने तीन सौ रोगियों का इलाज
चित्तौडग़ढ़. जिले के बड़ीसादड़ी उपखण्ड के नयाखेड़ा गांव के लोगों का उपचार जारी है। यहां रविवार को दूसरे दिन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बड़ीसादड़ी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र केवलपुरा में उपचार किया गया। दो दिन में करीब २७१ ग्रामीणों का उपचार किया गया है। नयाखेड़ा में बंद करवाए गए दो हैण्डपंप के पानी के रविवार को नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भिजवाया जा रहा है।
शुक्रवार को नयाखेड़ा में उल्टी-दस्त से 10 वर्षीय बालिका रामी मीणा व शनिवार को ऊंकार, गेंदी पत्नी लिम्बा, बंशीलाल पुत्र ऊदा मीणा की भी मौत हो गई थी। खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ज्ञानमल सांखला ने बताया कि रविवार को १०५ रोगियों का उपचार किया गया। जबकि शनिवार को १६६ रोगियों का उपचार किया गया था। दो दिन में करीब २७१ रोगियों को उपचार दिया गया। बड़ीसादड़ी सीएचसी व केवलपुरा आदर्श पीएचसी में भर्ती रोगियों को उपचार के बाद रविवार को छुट्टी दे दी है। नयाखेड़ा गांव में रविवार को ग्रामीणों को केम्पर से पानी सप्लाई किया गया। गांव में माइक से प्रचार कर लोगों से कहा जा रहा है कि वे उबला हुआ पानी ही पीएं। इसके अलावा उन्हें केला, दही, छाछ और दलिये का सेवन करने को कहा जा रहा है। गांव में शंका के आधार पर बंद करवाए गए दो हैण्डपंप से पानी के नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भिजवाया जा रहा है। रविवार को नयाखेड़ा सहित केवलपुरा पीएचसी व सीएचसी बड़ीसादड़ी में चिकित्सकों की टीमें रोगियों का उपचार करती रही। विधायक गौतम दक व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. इन्द्रजीतसिंह भी मौके पर पहुंचे और चिकित्सा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। रविवार को करीब २५ रोगियों को बड़ीसादड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। सीएचसी बड़ीसादड़ी के प्रभारी डॉ राजीव मंगल ने बताया कि स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया गया है। कुल 55 में से 17 रोगियों को सही हो जाने पर छुट्टी दे दी है। देर रात अस्पताल में भारत विकास परिषद, हिन्दू युवा वाहिनी, नमो सेना के पदाधिकारी पहुंचे और अपने स्तर पर दवा और दलिये की व्यवस्था की। सीएचसी परिसर में जगह नहीं होने से धर्मशाला के कमरों व बरामदे में रोगियों का उपचार किया गया।
Published on:
30 Jul 2018 01:24 pm
