
Stuck In Lift: 45 मिनट तक क्यों अटकी रही लोगों की सांसें
लिफ्ट में करीब 45 मिनट तक फंसा रहा युवक
चूरू. डीबीएच हॉस्पिटल परिसर में स्थित एमसीएच (मातृ एवं शिशु अस्पताल) में सोमवार को दोपहर लिफ्ट में एक युवक फंस गया। करीब 45 मिनट तक युवक लिफ्ट ( Stuck In Lift ) में फंसा रहा। गनीमत रही कि युवक ने इस दौरान हौसला नहीं खोया और शांतचित्त लिफ्ट में बना रहा। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद उसे लिफ्ट से बाहर निकाला जा सका, तब जाकर सभी ने राहत की सांस ली। जानकारी के मुताबिक कोटवाताल निवासी हरेंद्र सिंह (25) यहां भर्ती अपनी बहन की देखभाल के सिलसिले में आया हुआ था।
दोपहर करीब एक बजे के आसपास वह दूसरे तल से ग्राउंड फ्लोर पर किसी काम से नीचे उतरने के लिए लिफ्ट में घुसा। जैसे ही लिफ्ट में घुसा, अचानक लिफ्ट झटके के साथ रुक गई। उसके बाद उसने अंदर से लिफ्ट खोलने की बहुत कोशिश की, लेकिन लिफ्ट नहीं खुली। इस दौरान लिफ्ट के बाहर मौजूद लोगों को खबर हो गई कि अंदर कोई युवक फंसा है। तुरंत ही टेक्नीशियन को खबर की गई। टेक्नीशियन शिव भगवान मौके पर पहुंचा और उसने चाभी से उसे खोलने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ाहट में चाभी टूट गई।
इस दौरान वहां मौजूद सभी लोगों की सांसें अटकी रहीं। शिशु रोग इकाई के प्रभारी चिकित्सक डॉ. इकराम और नर्सिंग यूनिट के कैलाश मौके पर पहुंचे और अंदर मौजूद युवक से बातचीत कर उसका हाल-चाल पूछा। युवक की ओर से आश्वस्त किए जाने पर उन्होंने राहत की सांस ली। इस दौरान टेक्नीशियन अपनी कोशिशों में लगा रहा। करीब 45 मिनट बाद वह कामयाब हुआ और लिफ्ट चल कर जब ग्राउंड फ्लोर पर पहुंची, तो सभी ने राहत की सांस ली। टेक्नीशियन शिवभगवान के मुताबिक, लिफ्ट का अचानक रुक जाने लिफ्ट की सुरक्षा प्रणाली का ही एक हिस्सा था। दरअसल, वोल्टेज का उतार-चढ़ाव होने पर लिफ्ट रुक जाती है। चाभी से दरवाजे को खोल कर लिफ्ट को पुन: चलाया जाता है, लेकिन यहां गड़बड़ चाभी के टूट जाने की वजह से हुई।
Published on:
11 Feb 2020 12:08 pm
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
