
भारतीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा। (फोटो सोर्स: IANS)
Ind vs Zim 1st T20I, Aakash Chopra Playing 11: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों टी20 सीरीज का आगाज आज गुरुवार 13 जुलाई से हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होने जा रहा है। इस मैच में सबकी नजरें एक बार फिर युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी, जिन्हें संजू सैमसन की गैरमौजूदगी में भरपूर मौका मिलने की उम्मीद है। हरारे में खेले जाने वाले पहले टी20 मैच से पहले पूर्व सलामी बल्लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भारत की प्लेइंग इलेवन का चुनाव किया है। आइये आपको भी बताते हैं कि वह किसको मौका देना चाहते हैं और किसको बाहर रखना चाहते हैं?
आकाश चोपड़ा ने अपने एक्स पर पोस्ट किए वीडियो में प्लेइंग इलेवन चुनी है। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के तौर पर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर अपना भरोसा जताते हुए उनके पार्टनर के तौर पर अभिषेक शर्मा को चुना है। बता दें कि वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था, लेकिन तीन मैचों में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, जिसके चलते उन्हें 5वें और आखिरी टी20 मुकाबले से बाहर कर दिया गया था।
चोपड़ा ने नंबर तीन के लिए ईशान किशन और नंबर चार की जिम्मेदारी कप्तान श्रेयस अय्यर को सौंपी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रेयस इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन करेंगे। पांच नंबर के लिए उन्होंने तिलक वर्मा पर भरोसा जताया है तो नंबर छह से लेकर नंबर 8 तक के लिए ऑलराउंडर शिवम दुबे, हर्ष दुबे और सूर्यांश शेडगे को चुना है।
चोपड़ा ने गेंदबाजी विभाग में पेसर मयंक यादव और प्रिंस यादव को रखा है। जबकि स्पेशलिस्ट स्पिनर के तौर पर रवि बिश्नोई को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। उन्होंने गेंदबाज अशोक शर्मा और यश ठाकुर को अपनी प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया है। इनके अलावा रिंकू सिंह और प्रभसिमरन सिंह को भी अपनी टीम में जगह नहीं दी है।
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, मयंक यादव, प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई।
Updated on:
23 Jul 2026 12:12 pm
Published on:
23 Jul 2026 12:12 pm
