
अबरार अहमद और निकोलस पूरन (फोटो- IANS)
Abrar Ahmed Debut for Sunrisers Leeds: द हंड्रेड लीग 2026 के पहले मुकाबले में एमआई लंदन ने सनराइजर्स लीड्स को 7 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स लीड्स ने 99 गेंदों में सभी विकेट गंवाकर 143 रन बनाए। जवाब में एमआई लंदन ने 84 गेंदों में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान सैम करन ने 60 रन की पारी खेली, जबकि निकोलस पूरन ने 22 गेंदों में 58 रन बनाकर 16 गेंद पहले ही टीम को जीत दिला दी।
इस मुकाबले में अबरार अहमद ने काव्या मारन की टीम सनराइजर्स लीड्स के लिए डेब्यू किया। उन्होंने गेंदबाजी में 10 गेंदों में 30 रन लुटाए, जबकि बल्लेबाजी में 3 गेंदों पर 7 रन बनाए, जिसमें एक छक्का शामिल था। मुकाबले में एमआई लंदन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मैच को देखने पहुंचे रोहित शर्मा ने भी मुकाबले का लुत्फ उठाया।
सनराइजर्स लीड्स को मिचेल मार्श और रायन रिकेल्टन ने अच्छी शुरुआत दिलाई। मार्श 41 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिकेल्टन ने 25 रन बनाए। इसके बाद हैरी ब्रूक सिर्फ 8 रन बना सके, जबकि जैक क्रॉली ने 11 गेंदों में 29 रन बनाए। वहीं टॉम आल्सॉप ने 18 गेंदों में 31 रन की पारी खेली और टीम को 143 रन तक पहुंचाया। एमआई लंदन की ओर से रिचर्ड ग्लीसन ने 19 गेंदों में 4 विकेट चटकाए। वहीं सैम करन को 2 सफलता मिली और राशिद खान ने 1 विकेट हासिल किया।
144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई लंदन की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विल जैक्स सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि जेम्स विंस बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद सैम करन और निकोलस पूरन ने सनराइजर्स के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। दोनों ने शानदार साझेदारी की और छक्के-चौकों की बारिश करते हुए टीम को 16 गेंद पहले जीत दिला दी।
इस दौरान 70 गेंदों के बाद अबरार अहमद गेंदबाजी करने आए और उनके एक ही ओवर में तीन छक्के पड़े। पहली गेंद पर सैम करन ने उन्हें मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़ा। इसके बाद 74वीं और 75वीं गेंद पर निकोलस पूरन ने स्ट्रेट और डीप बैकवर्ड प्वाइंट की दिशा में लगातार दो छक्के लगाकर जीत आसान कर दी। पूरन ने 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 84वीं गेंद पर एमआई लंदन को 7 विकेट से जीत दिला दी।
Updated on:
22 Jul 2026 10:06 am
Published on:
22 Jul 2026 10:06 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
