
संन्यास ले चुके आदिल राशिद इंग्लैंड टेस्ट टीम में, खुद के चुने जाने से हैरान राशिद ने दिया यह बड़ा बयान
नई दिल्ली। भारत के खिलाफ एक अगस्त से शुरू होने वाले पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच के लिए दो साल बाद इंग्लैंड की टेस्ट टीम में जगह पाने वाले लेग स्पिनर आदिल राशिद इस बदलाव से हैरान हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने गुरुवार को राशिद को सीरीज के पहले मैच के लिए 13 सदस्यीय टीम में शामिल किया है। राशिद ने पिछला टेस्ट मैच दिसंबर 2016 में भारत दौरे पर खेला था। 30 साल के राशिद ने टीम में चुने जाने पर स्काई स्पोर्ट्स से कहा, "वनडे सीरीज के बाद प्रमुख चयनकर्ता एड स्मिथ और मेरे बीच बातचीत हुई थी। उन्होंने मुझसे कहा था कि आपको पता है कि भारत के खिलाफ खेलने और टीम का हिस्सा होने पर आप कैसा महसूस करते हैं। तब मुझे लगा कि मैं टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा हो सकता हूं।"
मात्र 10 टेस्ट के बाद भी लिया था संन्यास-
राशिद ने आगे कहा कि मैंने कहा था कि यदि वे मुझे चुनते हैं तो मैं खेलूंगा और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की कोशिश करूंगा। निश्चित रूप से दो साल बाद फिर से टीम में लौटना मेरे लिए हैरान करने वाली बात है। पाकिस्तान के खिलाफ 2015 में अबूधाबी में टेस्ट में पदार्पण करने वाले राशिद ने अब तक इंग्लैंड के लिए केवल 10 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 38 विकेट हासिल किए हैं।
वनडे सीरीज में की थी घातक गेंदबाजी-
लेग स्पिनर ने कहा कि एड स्मिथ और कुछ अन्य लोगों से मेरी बातचीत हुई थी। वे सोच रहे थे कि अगर मुझे टेस्ट में चुना जाता है तो मैं टीम के लिए किसी जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार हूं। राशिद अपने लेग स्पिन से भारतीय बल्लेबाजों को मुसीबत में डाल सकते हैं। वह भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में तीन विकेट लेकर मैन आफ द मैच बने थे। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं।
भारत के लिए बड़ी चुनौती-
आदिल राशिद ने जिस तरीके वनडे सीरीज के दौरान भारतीय बल्लेबाजों को तंग किया था, उसे देखते हुए कहा जा रहा है कि वो टेस्ट सीरीज में भी भारतीय टीम के लिए बड़ी चुनौती बनेंगे। बता दें कि वनडे सीरीज के आखिरी मैच में राशिद ने भारतीय कप्तान विराट कोहली को गच्चा देते हुए आउट किया था। टेस्ट टीम में राशिद के साथ-साथ मोईन अली को भी शामिल किया गया है।
Published on:
27 Jul 2018 09:18 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
