
भारत बनाम अफगानिस्तान : स्पिन के खतरे से निपटने की तैयारी
नई दिल्ली। भारत के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाले मैच से अतंर्राष्ट्रीय टेस्ट स्तर पर पदार्पण करने वाली अफगानिस्तान टीम के मुख्य कोच फिल सिमंस ने कहा है कि उनकी टीम के स्पिनरों के पास भारतीय परिस्थिति में गेंदबाजी करने का अनुभव है। सिमंस एम.ए चिदम्बरम स्टेडियम की पिच को लेकर चिंतित नहीं हैं। उन्हें साथ ही उम्मीद है कि भारत अपने तीन स्पिनरों के साथ मैच में उतरेगा।
फिर से बोले उनके स्पिनर्स भारत से बेहतर
अफगानिस्तान के कप्तान असगर स्टानिकजई ने कुछ दिन पहले कहा था कि उनके स्पिनर भारतीय स्पिनरों से अच्छे हैं। इस पर जब सिमंस से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कप्तान को पता है कि वो क्या कह रहे हैं। वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी के हवाले से लिखा है, "आप जब इस मैच को देखेंगे तो पता चलेगा कि यहां सभी स्पिनर शानदार हैं। हम जानते हैं कि इस समय राशिद खान को खेलना काफी मुश्किल है। उन्होंने हालांकि टेस्ट क्रिकेट नहीं खेली है। हमें देखना होगा कि क्या होता है, लेकिन उनका पेशेवर रवैया उनकी मदद करेगा और मैं इस बात को भरोसे के साथ कह सकता हूं कि वह अच्छा करेंगे।"
पिच से उम्मीद है, करेगी स्पिनर्स को मदद
मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में सिमंस से जब पिच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "जब मैं अफगानिस्तान के साथ आयरलैंड में था तो वहां कि पिच पर इस विकेट से ज्यादा घास थी और फिर भी वह स्पिन ले रही थी। मेरा मानना है कि हमारे गेंदबाजों के पास इस तरह की पिच पर गेंदबाजी करने का अनुभव है। आज इस पर घास दो दिन पहले से कम लग रही है। उम्मीद है कल यह और सूख जाएगी और स्पिन गेंदबाजों की मदद करेगी।"
सिमंस ने बताया मानसिक तौर पर अफगानिस्तान को होना होगा मजबूत
अफगानिस्तान की टीम भारत के ग्रेटर नोएडा में अभ्यास करती है। यह उसका घरेलू मैदान है। इसी कारण सिमंस ने इस बात को नकार दिया कि उनकी टीम कमजोर है। उनका मानना है कि इस मैच में टीम को अपनी मानसिकता पर ध्यान देना होगा और मानसिक तौर पर मजबूत रहकर मैदान पर उतरना होगा। सिमंस ने कहा, "मानसिक मजबूती अभ्यास से आती है कि आप कितनी देर तक बल्लेबाजी कर सकते हैं, कितनी देर तक गेंदबाजी कर सकते हैं। यही एक तरीका है अपने आप को मानसिक तौर पर मजबूत करने का क्योंकि जब आप मैदान पर जाते हैं तभी पता चलता है कि वहां खड़े रहने के लिए किस बात की जरूरत है। टीम ने चार दिवसीय क्रिकेट खेली है, इसलिए उन्हें अंदाजा है।"
विराट पर पूछने बोले उनके ना खेलने से है निराशा
सिमंस से जब विराट कोहली की गैरमौजूदगी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने हंस कर कहा, "मेरा मानना है कि हमारे खिलाड़ियों को हमेशा इस बात का मलाल रहेगा कि विराट इस मैच में मैदान पर मौजूद नहीं थे, लेकिन हमारा ध्यान इस मैच में भारत को मात देने पर है, हम विराट को नहीं हराना चाहते, हम भारत को हराना चाहते हैं। हम उनके न खेलने से निराश हैं तो थोड़े बहुत खुश भी हैं कि हम उन्हें गेंदबाजी नहीं करेंगे। हम भारत में खेल कर खुश हैं, विराट भारत नहीं हैं।"
Published on:
13 Jun 2018, 8:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.