कोहली के अलावा कोई नहीं चला -
बता दें इस मैच में कोहली की एक और संघर्षपूर्ण पारी आखिरकार व्यर्थ चली गई। वह दूसरे छोर से समर्थन न मिलने के कारण अपनी टीम को काफी प्रयासों के बाद भी यहां इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में जीत नहीं दिला पाए। इंग्लैंड ने एक छोर से लगातार विकेट लेकर कोहली की जुझारू पारी को जाया कर दिया और भारत को 31 रनों से मात देकर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। यह इंग्लैंड के 1000वां टेस्ट मैच था, जिसे जीतकर उसने इस ऐतिहासिक पल को यादगार बना दिया। इंग्लैंड ने चौथी पारी में भारत के सामने 194 रनों का लक्ष्य रखा था। भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड के हालात और पिच से तेज गेंदबाजों को मिल रही मदद के सामने अपने पैर जमा नहीं पाए। पूरी टीम 54.2 ओवरों में 162 रनों पर ढेर होकर मैच हारने पर मजबूर हो गई। कोहली ने अकेले खड़े रहते हुए 93 गेंदों में चार चौकों की मदद से 51 रनों की पारी खेली। उनके अलावा कोई और बल्लेबाज अर्धशतक के आस-पास भी नहीं पहुंच सका।