
लंदन। एशेज सीरीज के पांचवे और आखिरी टेस्ट मैच में अपनी लाज बचाने के लिए उतरी इंग्लैंड की टीम पहले दिन शुरुआती झटकों के बाद संभलती हुई नजर आई। पहला दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 8 विकेट के नुकसान पर 271 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड के लिए अच्छी बात ये है कि जोस बटलर 64 रन पर नाबाद बल्लेबाजी कर रहे हैं। इंग्लैंड की लड़खड़ाती पारी को संभालने का काम बटलर ने किया।
बटलर ने दबाव को किया कम
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 27 के स्कोर पर इंग्लैंड को पहला झटका लगा। जोए डेनली सिर्फ 14 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद रॉरी बर्न्स और जो रूट ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 103 के स्कोर पर इंग्लैंड को दूसरा झटका लग गया। रॉरी बर्न्स 47 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद बेन स्टोक और जो रूट के विकेट जल्दी गिरने की वजह से दबाव इंग्लैंड पर आ गया, लेकिन इस दबाव को कम करने का काम बटलर ने किया।
नौवें विकेट केलिए हो चुकी है 45 रनों की साझेदारी
पहले दिन का खेल खत्म होने तक बटलर 84 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 64 रन पर नॉटआउट लौटे। बटलर के साथ जैक लीच 31 गेंदों में 10 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच नौवें विकेट के लिए अब तक 45 रनों की उपयोगी साझेदारी हो चुकी है।
इंग्लैंड पर बरपा मिचेल मार्श का कहर
वहीं ऑस्ट्रेलिया की तरफ से इंग्लैंड के छोटे-छोटे अंतराल पर विकेट लेने का काम मिचेल मार्श ने किया। मार्श ने 16.1 ओवर में 35 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं पैट कमिंस और जोस हेडलवुड को 2-2 विकेट मिले हैं। आपको बता दें कि ये एशेज सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच है। अगर ऑस्ट्रेलिया ने ये मैच जीत लिया तो वो सीरीज अपने नाम कर लेगी। वहीं इंग्लैंड के पास सिर्फ सीरीज बराबर करने का मौका है। ऑस्ट्रेलिया सीरीज में 2-1 से आगे है। एक मैच ड्रॉ हो गया था।
Updated on:
13 Sep 2019, 8:45 AM IST
Published on:
13 Sep 2019, 8:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.