कोई भी जीत सकता है ये टेस्ट मैच
बता दें इस मैच में इंग्लैंड द्वारा दिए गए 194 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी में एक समय अपने पांच विकेट 78 रनों पर ही खो दिए थे, लेकिन कप्तान कोहली ने एक छोर संभाले रखा और तीसरे दिन शुक्रवार का खेल खत्म होने तक धीरे-धीरे रनों के अंतर को पाट अपनी टीम को मैच में बनाए रखा। भारत ने दिन का अंत पांच विकेट के नुकसान पर 110 रनों के साथ किया। दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान के साथ कार्तिक 18 रन बनाकर डटे हुए हैं। भारत अभी भी जीत से 84 रन दूर है। मैच में हालांकि इंग्लैंड की जीत की संभावनाओं को नकारा नहीं जा सकता। एजबेस्टन के हालात के मद्देनजर मैच उस पड़ाव पर है कि जीत किसी भी टीम के हिस्से आ सकती है। पहली पारी में 149 रनों की संकटमोचन पारी खेलने वाले कोहली ने दूसरी पारी में भी मेजबान गेंदबाजों की स्विंग का अच्छे से सामना किया और अपने पैर विकेट पर जमाए रखे। दिन का खेल खत्म होने तक कोहली ने 76 गेंदों का सामना कर सिर्फ तीन चौक लगाए हैं।