इंग्लैंड बैकफुट पर
बता दें इंग्लैंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक नौ विकेट के नुकसान पर 285 रन बना लिए हैं। स्टम्प्स तक जेम्स एंडरसन (0) और सैम कुरैन 24 रन बनाकर खड़े हुए हैं। दिन के पहले सत्र में एक और दूसरे सत्र में दो विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी सत्र में इंग्लैंड के छह बल्लेबाजों को आउट किया जिसमें सबसे अहम विकेट इंग्लैंड के कप्तान जोए रूट (80) का साबित हुआ। रूट के जाने के बाद इंग्लिश बल्लेबाज विकेट पर पैर नहीं जमा सके। आदिल राशिद (13) और कुरैन ने भारतीय गेंदबाजों को परेशान करने की कोशिश की, लेकिन यह जोड़ी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी। इंग्लैंड पहले दिन ही ऑल आउट हो गई होती, लेकिन मोहम्मद शमी की गेंद पर दिन के आखिरी ओवर में दिनेश कार्तिक ने एंडरसन का कैच छोड़ दिया।