नई दिल्ली। एशिया कप 2018 के आखिरी सुपर फोर मुकाबले में बुधवार को बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 37 रनों से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। शेख जाएद स्टेडियम अबू धाबी में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने टॉ़स जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। बांग्लादेश की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.5 ओवर में 239 रन बना कर ऑल आउट हो गई। बांग्लादेश की ओर से मुशफिकुर रहीम ने 99 और मोहम्मद मिथुन ने 60 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से जुनैद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। जुनैद ने चार सफलताएं हासिल की। 240 रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 202 रन ही बना सकी।