
नई दिल्ली। भारत और हॉन्ग-कॉन्ग के बीच हुए मुकाबले में कुछ खिलाड़ियों ने दिल जीत लिया। इसमें दो ऐसे खिलाड़ी थे जो मूल रूप से भारतीय ही थे। पहल थे हॉन्ग-कॉन्ग के कप्तान अंशुमन रथ और दूसरे टीम के ऑल राउंडर किंचित शाह। इन दोनों ही खिलाड़ियों का भारत के खिलाफ मैच में जबरदस्त प्रदर्शन था। इन दो भारतीय मूल के खिलाड़ियों को मिलकर कल मैदान पर 13 भारतीय खिलाड़ी खेल रहे थे, दोनों टीम के कप्तान भारतीय थे। भारत ने भले ही यह मैच जीता हो लेकिन सभी भारतीय फैन भी यह मानाने को तैयार हैं कि हॉन्ग-कॉन्ग की टीम ने दिल जीता। मंगलवार को हुए मैच में भारत ने हॉन्ग-कॉन्ग को एशिया कप-2018 के ग्रुप-ए के अपने पहले मैच में 26 रनों से हरा दिया और अपनी जगह सुपर-4 में सुनिश्चित की। इस हार के बाद हांगकांग की टीम एशिया कप-2018 से बाहर हो गई। हांगकांग को अपने पहले मैच में पाकिस्तान से आठ विकेट से शिकस्त मिली थी।
दो भारतीय मूल के खिलाड़ियों का प्रदर्शन-
हॉन्ग-कॉन्ग की टीम में खेलने वाले अंशुमन रथ उनके कप्तान भी हैं, उन्होंने ओपनिंग बल्लेबाजी करते हुए 97 गेंदों में 73 रनों की पारी खेल पहले विकेट के लिए निजाकत खान (92) के साथ 174 रनों की साझेदारी की। इसके अलावा दूसरे भारतीय किंचित शाह ने गेंदबाजी करते हुए भारत को बड़ा स्कोर करने से रोका। उन्होंने 9 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट झटके। वह शतकवीर शिखर धवन, दिनेश कार्तिक और भुवनेश्वर कुमार को आउट करने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने बल्लेबाजी में 15 गेंदों में 17 रन बनाए।
अंशुमन रथ का परिचय-
अंशुमन रथ का जन्म हॉन्ग-कॉन्ग में ही हुआ है। उनके माता-पिता भारत के ओड़िशा के रहने वाले थे, वो अंशुमन के पैदा होने से पहले बिज़नेस के चलते हॉन्ग-कॉन्ग शिफ्ट हो गए थे। 20 साल के अंशुमन विकेट कीपर बल्लेबाज होने के साथ-साथ टीम के कप्तान है। अंशुमन गेंदबाजी भी कर लेते हैं और उनके नाम 18 अंतराष्ट्रीय एकदिवसीय मैचों में 14 विकेट हैं। वहीं उन्होंने इतने ही मैचों में 51.69 की औसत से 827 रन बनाए हैं। अंशुमन ने अपने क्रिकेटर बनने का सपना मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को बल्लेबाजी करते देखने के बाद सजाया था। वह 6 वर्ष के थे जब 2003 वर्ल्ड कप में सचिन तेंदुलकर ने शानदार खेल दिखाया था जिससे प्रभावित होकर उन्होंने क्रिकेटर बनने की ठानी थी।
किंचित शाह का परिचय-
22 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज किंचित शाह का जन्म मुंबई में हुआ है। वह हॉन्ग-कॉन्ग के सभी ग्रुप ऐज में क्रिकेट खेल चुके हैं। किंचित भी अंशुमन की तरह ही विकेट कीपर बल्लेबाज हैं। किंचित ने अभी तक 10 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं जिसमे उन्होंने 136 रन बनाए हैं और 7 विकेट झटके हैं। किंचित लोअर आर्डर बल्लेबाज हैं और दाएं हाथ से ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के पहले मुकाबले में 26 रन की पारी खेली थी।
Updated on:
19 Sep 2018, 9:07 AM IST
Published on:
19 Sep 2018, 9:07 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.