
नई दिल्ली। पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज उस्मान खान एशिया कप में भारत के खिलाफ 5 विकेट झटकने के इरादे से उतरेंगे। दोनों टीमें को हॉन्ग-कॉन्ग के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। 19 सितम्बर को दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाना है। हॉन्ग-कॉन्ग के खिलाफ पाकिस्तान ने आसानी से जीत दर्ज की थी, इस मैच में उस्मान ने 19 रन देकर 3 विकेट झटक सभी को प्रभावित किया था। उनकी इस गेंदबाजी की बदौलत हॉन्ग-कॉन्ग 116 रनों पर ऑल-आउट हो गई थी।
हॉन्ग-कॉन्ग के खिलाफ उस्मान का प्रदर्शन-
उन्होंने मैच के शुरुआत में घातक गेंदबाजी की लेकिन उन्होंने तीनों ही विकेट हॉन्ग-कॉन्ग की पारी के आखिर में लिए। उस्मान को इस प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच भी चुना गया था। हलाकि उनका पूरा ध्यान इस वक्त भारत के खिलाफ मैच पर है। ICC चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के बाद दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी, उस मैच में पाकिस्तान ने भारत के ऊपर आसान जीत दर्ज की थी। इस अहम मुकाबले से पहले उस्मान कड़ी तैयारी कर रहे है और वह मैच में अच्छा प्रदर्शन करने को बेताब हैं।
भारत के खिलाफ 5 विकेट लुंगा-
हॉन्ग-कॉन्ग के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद उस्मान ने कहा कि “जो भी भारत-पाकिस्तान के मैच में अच्छा प्रदर्शन करता है, उसका करियर नए स्तर पर चला जाता है। आज मैच में मैंने तीन विकेट लिए हैं, उम्मीद है कि भारत के खिलाफ मैं 5 विकेट लुंगा।" उन्होंने आगे कहा कि "भारत नंबर 1 टीम है। उनके पास शानदार खिलाड़ी हैं। यह मैच बहुत बड़ा है। हमने इसके लिए 100 प्रतिशत तैयारी की है। लाहौर में हमारा ट्रेनिंग कैंप लम्बे समय तक चला था। मैंने भारतीय टीम को भी तैयारी करते देखा था, वो भी अच्छे से तैयारियों में जुटे हैं।"
पाकिस्तान को घरेलु मैदान का फायदा-
उस्मान ने यह भी कहा कि एशिया कप जीतने की प्रबल दावेदार पाकिस्तान टीम है क्योंकि वह यूएई में खेल रही है जोकि पिछले लम्बे समय से उसका होम ग्राउंड है। उन्होंने कहा "यूएई में खेलने से पाकिस्तान को भारत के ऊपर एडवांटेज है। हम यहां की पिचों और ग्राउंड पर लम्बे समय से खेल रहे हैं। यह हमारा घरेलु मैदान है।" इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एशिया कप के लिए जो पिच तैयार की गई है वह विकेट लेने के लिहाज से कठिन है।
Published on:
17 Sep 2018, 4:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.