
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (फोटो- Cricbuzz)
Australia vs England, Ashes: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का चौथा मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर 26 दिसंबर से खेला जाएगा। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। अब मेजबान शेष दो मैच जीतकर क्लीन स्वीप करना चाहेगी। इंग्लिश टीम भी इस सीरीज को जीत के साथ खत्म करना चाहेगी। लेकिन बॉक्सिंग डे टेस्ट से पहले इंग्लैंड के खेमे से बड़ी खबर आ रही है, टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर अब एशेज के शेष दोनों मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। उनके अलावा टॉप-ऑर्डर के बल्लेबाज ऑली पोप को भी मेलबर्न टेस्ट से पहले ड्रॉप कर लिया है।
तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर कमर में खिंचाव के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाले एशेज के शेष दोनों मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने बुधवार को प्लेइंग इलेवन की घोषणा करते हुए यह बताया कि आर्चर के स्थान पर गस एटकिंसन को टीम में शामिल कर लिया गया है। इसके अलावा टीम में एक और बड़ा बदलाव किया गया है। बल्लेबाज ऑली पोप को इस मैच के लिए टीम से ड्रॉप कर लिया गया है, उनके स्थान पर जैकब बेथेल को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई है। वह तीन नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आएंगे।
इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम में भी दो बड़े बदलाव किए गए थे। टीम के प्रमुख स्पिनर नाथन लायन हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते बाहर हो गए थे, उनके स्थान पर टॉड मर्फी को स्क्वॉड में शामिल किया गया था। ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान पैट कमिंस को भी शेष दो मैचों के लिए आराम दे दिया है। उनके स्थान पर टीम की कमान स्टीव स्मिथ संभालेंगे।
बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), विल जैक्स, गस एटकिंसन, ब्रायडन कार्स, जोश टंग
Updated on:
24 Dec 2025 02:13 pm
Published on:
24 Dec 2025 02:13 pm
