
ऑकलैंड। एश्टन एगर (3/27) की गेंदबाजी और डी आर्सी शॉर्ट (50) की अर्धशतकीय पारी के दम पर आस्ट्रेलिया ने बुधवार को न्यूजीलैंड को त्रिकोणीय टी-20 सीरीज के फाइनल मैच में 19 रनों से हरा दिया। मैच का फैसला डकवर्थ-लेविस नियम के आधार पर हुआ। इस जीत के साथ ही आस्ट्रेलिया ने त्रिकोणीय टी-20 सीरीज का खिताब अपने नाम कर लिया है। यही नहीं, इस खिताबी जीत के साथ आस्ट्रेलिया ने आईसीसी टी-20 टीमों की रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है। इसकी आधिकारिक घोषणा गुरुवार को होगी।
न्यूज़ीलैंड की पारी लड़खड़ाई
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 150 रन ही बनाए थे। बारिश के शुरू होने तक आस्ट्रेलिया ने केवल तीन विकेट के नुकसान पर 14.4 ओवर खेलते हुए 121 रन बना लिए थे। बारिश के कारण गीली हुई पिच के जल्द सूखने की कोई गुंजाइश न देखते हुए अंपायरों ने डकवर्थ लुइस प्रणाली के आधार पर आस्ट्रेलिया को 19 रनों से विजेता घोषित कर दिया। न्यूजीलैंड के लिए रॉस टेलर ने सबसे अधिक 43 रन बनाए। इसके अलावा, मार्टिन गुप्टिल ने 21 और कोलिन मुनरो ने 29 रनों का योगदान दिया। इन तीन खिलाड़ियों के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया। इस पारी में एश्टन के अलावा, केन रिचर्डसन और एंड्रयू टाई ने दो-दो विकेट लिएष वहीं बिली स्टेनलेक और मार्कस स्टोइनिस को एक सफलता मिली।
ऑस्ट्रेलिया की पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आस्ट्रेलिया को शॉर्ट और कप्तान डेविड वॉर्नर (25) ने 72 रनों की शानदार साझेदारी कर अच्छी शुरुआत दी। टीम ने 121 रन बनाए थे कि तभी बारिश शुरू हो गई और खेल को बीच में रोकना पड़ा। बारिश काफी देर तक होती रही। इसके बाद अंपायरों ने पिच के जल्द सूखने के आसार न देखते हुए आस्ट्रेलिया को डकवर्थ लुइस प्रणाली के तहत 19 रनों से जीत दिलाई। न्यूजीलैंड के लिए इस पारी में ईश सोढ़ी, मिशेल सेंटनर और कोलिन मुनरो ने एक-एक विकेट लिया। इस टूर्नामेंट में आस्ट्रेलिया ने पांचों मैचों में जीत हासिल की है, वहीं न्यूजीलैंड को पांच में से केवल एक मैच में जीत मिली। आस्ट्रेलिया के खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवल को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया है, वहीं आस्ट्रेलिया के एश्टन प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
Published on:
21 Feb 2018, 5:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.