25 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

264 बनाने के बावजूद कैसे हार गई दिल्ली कैपिटल्स? अक्षर पटेल ने खुलकर बताया किसकी वजह से हारी टीम

Delhi Capitals vs Punjab Kings: IPL 2026 के 35वें मुकाबले में 264 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स मैच नहीं जीत पाई। जिसके बाद कप्तान अक्षर पटेल ने खुलकर एक एक गलितायं गिनवा डाली।

2 min read
Google source verification
Axar Patel on Losing to PBKS in IPL 2026

दिल्ली कैपिटल्स (फोटो- IANS)

IPL 2026 DC vs PBKS Match 35th Highlights: शनिवार को आईपीएल 2026 में दो मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जहां कई पुराने रिकॉर्ड्स तो टूटे ही। साथ ही आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य भी चेज हो गया। पंजाब किंग्स ने 265 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज है।

पंजाब किंग्स ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

इस मुकाबले में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने दिल्ली कैपिटल्स से मिले 265 रनों के लक्ष्य को 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल किया। इससे पहले, आईपीएल में सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड भी पंजाब किंग्स के नाम ही था। साल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलते हुए टीम ने 262 रनों के लक्ष्य को हासिल किया था।

दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 264 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। केएल राहुल 152 रन बनाकर नाबाद रहे, तो नितीश राणा ने 91 रन की तूफानी पारी खेली। राहुल ने अपनी पारी में 9 छक्के लगाए और उन्होंने कायरन पोलार्ड के साथ आंद्रे रसेल के रिकॉर्ड को तोड़ डाला। राहुल के आईपीएल में 226 छक्के हो गए हैं, जबकि रसेल और पोलार्ड के नाम 223-223 छक्के हैं। सबसे ज्यादा छक्के क्रिस गेल के नाम हैं।

265 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत देखकर ही लग रहा था कि ये टारगेट सेफ नहीं है। पहले प्रिंयाश और प्रभसिमरन ने गदर मचाया और बाद में कप्तान श्रेयस अय्यर ने छक्के चौकों की बारिश करते हुए 7 गेंद पहले ही टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। पंजाब किंग्स की जीत में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों का भी योगदान रहा। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने मैच के बाद खुलकर बताया कि किस वजह से टीम को हार मिली।

अक्षर ने इन पर फोड़ा हार का ठीकरा

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने मैच के बाद कहा, "विकेट को देखते हुए, अगर आप अपने गेंदबाजों का साथ नहीं देंगे और इतने सारे मौके गंवाएंगे, तो मुझे लगता है कि हम हारने के ही हकदार थे। यह एक अच्छी पिच थी और मैदान भी छोटा था, इसलिए छक्के तो लगने ही थे। हालांकि, जब मौके मिलते हैं और आप एक भी मौका नहीं भुना पाते, आप कैच छोड़ देते हैं, जैसा कि हमने आज किया, तो जीत मुश्किल हो जाती है। हमें अपनी गेंदबाजी यूनिट पर भी ध्यान देने की ज़रूरत है। जिस तरह से हमने पावरप्ले में गेंदबाजी की, तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन, फील्डिंग, और जो मौके हमने गंवाए, वे ही हार के मुख्य कारण थे। क्योंकि इस तरह की विकेट पर, 264 का स्कोर बहुत अच्छा था।"

अक्षर ने आगे कहा, "हमने 264 रन बनाए, जो इंडियन प्रीमियर लीग में एक रिकॉर्ड स्कोर है। इससे पता चलता है कि अगर किस्मत थोड़ी भी आपके साथ हो और आप अपने कैच पकड़ लें, तो आप लगातार दो या तीन मैच जीत सकते हैं। अगर आप उन मैचों को देखें जिनमें हम हारे हैं, तो उनमें से कई मैच बहुत करीबी थे। टॉस के समय भी मैंने यही कहा था कि अगर हम अहम पलों को भुना लें, तो दो या तीन मैचों के नतीजे हमारे पक्ष में जा सकते थे और हम जीत का सिलसिला जारी रख सकते थे। ऐसा बार-बार नहीं हो सकता कि आप हर बार मैदान पर आएं और वही गलतियां दोहराते रहें। इसलिए मुझे लगता है कि हम वापस जाएंगे, देखेंगे कि हम क्या कर सकते हैं और कहां सुधार की गुंजाइश है।"