
दिल्ली कैपिटल्स बनाम पंजाब किंग्स (फोटो- IANS)
IPL 2026 DC vs PBKS Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में पंजाब किंग्स को रोकना अब तक सभी टीमों के लिए नामुमकिन साबित हुआ है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शनिवार को खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 264 रन बनाए थे। अब तक आईपीएल इतिहास में इतना बड़ा लक्ष्य किसी टीम ने हासिल नहीं किया था, लेकिन पंजाब किंग्स के इरादे इस सीजन अलग ही नजर आए। उन्होंने 7 गेंद पहले ही 4 विकेट खोकर 265 रन बनाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों में नाबाद 71 रनों की पारी खेली, जिसमें 7 छक्के शामिल थे। वहीं प्रभसिमरन सिंह ने सिर्फ 26 गेंदों में 76 रन ठोक दिए। इन दोनों की आक्रामक पारियों ने पंजाब की जीत की नींव रखी।
इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पाथुम निसांका सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल और नितीश राणा ने 220 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी कर इतिहास रच दिया। नितीश राणा 91 रन बनाकर आउट हुए, जबकि केएल राहुल 152 रन बनाकर नाबाद रहे। यह आईपीएल इतिहास में किसी भी भारतीय बल्लेबाज की सबसे बड़ी पारी है। राहुल ने 67 गेंदों में 16 चौके और 9 छक्के लगाए।
पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह और जेवियर बार्टलेट ही विकेट हासिल कर सके। हालांकि बार्टलेट की जमकर धुनाई हुई और उन्होंने 4 ओवर में 69 रन खर्च किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत धमाकेदार रही। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए 7 ओवर में 120 से ज्यादा रन जोड़ दिए। हालांकि दोनों बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और नेहल वढेरा ने पारी को संभाला। वढेरा 15 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन बचा हुआ काम अय्यर ने शशांक सिंह के साथ मिलकर पूरा कर दिया।
पंजाब किंग्स ने 7 गेंद पहले ही मैच जीतकर आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। इस जीत में दिल्ली कैपिटल्स की खराब गेंदबाजी और फील्डिंग का भी बड़ा योगदान रहा। टीम ने कई आसान कैच छोड़े, जिसका पंजाब ने पूरा फायदा उठाया और 265 रन का लक्ष्य भी आसान बना दिया।
Published on:
25 Apr 2026 08:13 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
