11 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भुवनेश्वर कुमार की फिर होगी भारतीय टीम में वापसी? दिग्गज क्रिकेटर ने IPL फॉर्म देख कही बड़ी बात

Bhuvneshawar Kumar in IPL 2026: आईपीएल 2026 में RCB के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 21 विकेट चटकाकर पर्पल कैप पर कब्जा कर लिया है।

2 min read
Google source verification
Bhuvneshawar kumar

भुवनेश्वर कुमार (फोटो- IANS)

Highest Wicket Taker IPL 2026: मुंबई इंडियंस के खिलाफ रविवार को पहले गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाने वाले भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) ने बल्ले से भी अहम योगदान दिया। उन्होंने सिर्फ दो गेंदों में सात रन की पारी खेली, जो मैच के निर्णायक मोड़ पर काफी अहम साबित हुई। भुवनेश्वर कुमार के लगाए गए एक छक्के ने मैच की कहानी बदल दी और आरसीबी (Royal Challengers Bengaluru) ने शानदार जीत हासिल कर ली। इस हार के साथ ही मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई।

एक समय अधूरी लगती थी प्लेइंग 11

भुवनेश्वर कुमार वही खिलाड़ी हैं, जिनके बिना एक समय टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन अधूरी लगती थी। आज जसप्रीत बुमराह (Bumrah) वह खिलाड़ी बन चुके हैं, जिनके बिना भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन अधूरी नजर आती है। हालांकि, बुमराह इस सीजन फीके नजर आए हैं, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने अपनी पुरानी लय हासिल करते हुए शानदार गेंदबाजी की है।

पर्पल कैप पर कर चुके हैं कब्जा

इस सीजन भुवनेश्वर कुमार ने 11 मैचों में 43 ओवर गेंदबाजी करते हुए 21 विकेट चटकाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 15.39 का रहा है और इस दौरान उन्होंने एक बार चार विकेट भी हासिल किए हैं। उनकी इसी शानदार फॉर्म को देखते हुए टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि भुवनेश्वर कुमार की एक बार फिर टीम इंडिया की टी20 टीम में वापसी हो सकती है।

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि भुवनेश्वर कुमार ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया है और वह फिर से भारतीय टी20 टीम में जगह बना सकते हैं। उन्होंने बताया कि भुवनेश्वर ने इस सीजन एक बार चार विकेट लिए हैं और छह बार तीन या उससे ज्यादा विकेट हासिल किए हैं। आईपीएल के 19 साल के इतिहास में इससे पहले सिर्फ एक गेंदबाज ने एक सीजन में छह बार तीन या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया था। साल 2021 में हर्षल पटेल ने यह उपलब्धि हासिल की थी और अब भुवनेश्वर कुमार ने भी ऐसा कर दिखाया है।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ भुवनेश्वर कुमार ने टीम के दोनों ओपनर्स को पवेलियन भेजा, जिसमें रयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा के विकेट शामिल थे। इसके बाद उन्होंने सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा का विकेट भी चटकाया। इन चार विकेटों के साथ उन्होंने पर्पल कैप पर भी कब्जा जमा लिया।

आपको बता दें कि भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए 87 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम 90 विकेट दर्ज हैं। वहीं आईपीएल में वह 201 मैच खेलकर 219 विकेट हासिल कर चुके हैं। टीम इंडिया के लिए उन्होंने आखिरी मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ साल 2022 में खेला था। वहीं 2018 के बाद से वह टेस्ट टीम से बाहर हैं और 2022 की शुरुआत से ही वनडे टीम में भी जगह नहीं बना पाए हैं।