
उर्विल पटेल और एमएस धोनी (फोटो- IANS)
Urvil Patel on MS Dhoni: आईपीएल 2026 के 53वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के उर्विल पटेल ने 13 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगाने के यशस्वी जायसवाल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। जायसवाल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ साल 2023 में सिर्फ 13 गेंदों में यह कारनामा किया था। उन्होंने 2018 में केएल राहुल द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ा था।
आपको बता दें कि साल 2018 में, जब केएल राहुल पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा थे, तब उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 14 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। इसके बाद जायसवाल ने 2023 में इस रिकॉर्ड को तोड़ा और अब 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सीएसके के उर्विल पटेल ने उसकी बराबरी कर ली।
उर्विल पटेल ने इस उपलब्धि का श्रेय महेंद्र सिंह धोनी को दिया। धोनी इस सीजन आईपीएल का एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए हैं, लेकिन वह लगातार CSK के खिलाड़ियों को मोटिवेट कर रहे हैं। मैच के बाद उर्विल ने खुलासा किया कि जब वह अपने शुरुआती मैचों में फ्लॉप होने को लेकर धोनी से बात कर रहे थे, तब उन्होंने उनसे पूछा कि वह जल्दी आउट हो रहे हैं, ऐसे में उन्हें क्या करना चाहिए।
इस पर धोनी ने कहा, “मुझे तुम्हारी स्किल पर कोई शक नहीं है। तुम्हें अपने दिमाग में चल रहे सभी डाउट्स को क्लियर करना होगा और सही गेंद को हिट करने के लिए चुनना होगा।” उर्विल ने बताया कि धोनी की इस सलाह ने उनकी काफी मदद की और उनके दिमाग से कई तरह के संदेह भी दूर हो गए। यही वजह रही कि वह आईपीएल इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी लगाने में सफल रहे।
आपको बता दें कि आईपीएल में यह उनकी पहली फिफ्टी थी और पहली ही बड़ी पारी में उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़ डाले। इस दौरान उन्होंने अपनी जेब से एक पर्ची निकाली और इस अर्धशतक को अपने पिता को समर्पित किया। इसके अलावा उर्विल ने सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को भी क्रेडिट दिया। उन्होंने बताया कि बल्लेबाजी के दौरान ऋतुराज लगातार उन्हें पिच को समझने में मदद कर रहे थे, जिससे उन्हें काफी फायदा मिला।
2025 में आईपीएल डेब्यू करने वाले उर्विल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहला मैच खेला और 11 गेंदों में 31 रन की तूफानी पारी खेली। अगले मैच में बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ 19 गेंदों में 37 रन बनाए। इस सीजन भी अपने शुरुआती 4 मैच में वह सिर्फ 45 रन बना पाए थे लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और ज्वाइंट फास्टेस्ट फिफ्टी जड़कर इतिहास रच दिया। उन्होंने 23 गेंदों में 65 रन की पारी खेली, जिसमें छक्के और 2 चौके शामिल थे।
Updated on:
11 May 2026 04:27 pm
Published on:
11 May 2026 04:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
