
वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर क्रिस गेल (Photo - IPL Official Site)
Chris gayle, Indian Premier League: वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर और टी20 क्रिकेट के 'यूनिवर्स बॉस' के नाम से मशहूर क्रिस गेल ने हाल ही में एक सनसनीखेज खुलासा किया है, जिसने क्रिकेट जगत को हिलाकर रख दिया। गेल ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स (PBKS) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि साल 2021 के आईपीएल सीजन के दौरान फ्रेंचाइजी ने उनका अपमान किया, जिसके चलते वह पहली बार डिप्रेशन का शिकार हुए। इस दौरान उन्होंने अपनी मेंटल हेल्थ को प्राथमिकता देते हुए टूर्नामेंट को बीच में ही छोड़ने का फैसला किया।
क्रिस गेल ने पंजाब किंग्स के साथ 2018 से 2021 तक चार सीजन तक खेला। इस दौरान उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से कई मैचों में फ्रेंचाइजी को जीत दिलाई। हालांकि, 2021 का सीजन उनके लिए बेहद निराशाजनक रहा। यह सीजन 9 अप्रैल को शुरू हुआ था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे 4 मई को निलंबित कर दिया गया। बाद में 19 सितंबर से टूर्नामेंट फिर से शुरू हुआ, लेकिन गेल को ज्यादा मौके नहीं मिले। आखिरकार, 'बबल फटीग' का हवाला देते हुए गेल ने सीजन के बाकी मैचों से अपना नाम वापस ले लिया।
हाल ही में पत्रकार शुभांकर मिश्रा के साथ एक पॉडकास्ट में गेल ने अपने दिल का दर्द बयां किया। उन्होंने कहा, "मेरा आईपीएल करियर अचानक खत्म हो गया, और यह पंजाब किंग्स के साथ था। फ्रेंचाइजी ने मेरा अपमान किया। मुझे ऐसा महसूस हुआ कि मेरे साथ सही व्यवहार नहीं किया जा रहा है। मैंने इस फ्रेंचाइजी के लिए इतना कुछ किया, लेकिन आखिर में मुझे एक सीनियर खिलाड़ी की तरह नहीं, बल्कि एक बच्चे की तरह ट्रीट किया गया। उस दौरान मुझे अपनी जिंदगी में पहली बार ऐसा लगा कि मैं डिप्रेशन का शिकार हो रहा हूं।" गेल ने आगे बताया, "जब लोग डिप्रेशन की बात करते हैं, तो मैं इसे थोड़ा-बहुत समझ सकता हूं। उस समय मेरी मानसिक स्थिति ऐसी थी कि मैं पूरी तरह टूट चुका था।"
गेल ने उस समय के पंजाब किंग्स के कोच अनिल कुंबले के साथ अपनी बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "मैंने अनिल कुंबले से बात की थी, और मुझे हैरानी हुई कि फ्रेंचाइजी को इस तरह मैनेज किया जा रहा था। उस समय मैंने फैसला किया कि मेरे लिए पैसा नहीं, बल्कि मेरी मेंटल हेल्थ ज्यादा जरूरी है।” गेल ने कुंबले से अपनी बातचीत को याद करते हुए कहा, “मैंने उनसे साफ कहा कि अब मेरे लिए और सहना मुश्किल है। मैं अंदर से पूरी तरह टूट चुका था। मैं चाहता था कि अब मैं इसे छोड़ दूं।” गेल ने यह भी खुलासा किया कि इस बातचीत के दौरान उनकी आंखों में आंसू थे। उन्होंने कहा, “मैं बहुत दुखी था। मैं अनिल से भी खुश नहीं था। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि आखिर फ्रेंचाइजी कैसे चल रही है।”
उस समय पंजाब किंग्स के कप्तान केएल राहुल थे। गेल ने बताया कि जब उन्होंने जाने का फैसला किया, तो राहुल ने उन्हें रोकने की कोशिश की। गेल ने कहा, “केएल राहुल ने मुझसे कहा, क्रिस, रुक जाओ, तुम अगला मैच खेलोगे।’ मैंने उनसे कहा, ‘भाई, थैंक्यू।’ मैंने ऑल द बेस्ट बोला, अपना बैग पैक किया और वहां से चला गया।”
बता दें कि साल 2018 सीजन में पंजाब किंग्स के लिए गेल ने 11 मैचों में 368 रन बनाए थे। इसमें उन्होंने तीन अर्धशतक और एक शतक शामिल था। इसके बाद अगले सीजन में उन्होंने 13 पारी में 490 रन बनाए। 2020 सीजन में उन्होंने 7 मैचों में 288 रन ठोके और साल 2021 में उन्होंने 10 पारी में सिर्फ 193 रन बनाए थे।
Published on:
08 Sept 2025 12:51 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
