29 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ICC Test Ranking: दिमुथ करुणारत्ने और जेसन होल्डर ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल किया

इस सप्ताह में हुए टेस्ट सीरीजों में बेहतरीन बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी करने वाले श्रीलंका के बल्लेबाज दिमुथ करुणारत्ने और वेस्ट इंडीज के गेंदबाज जेसन होल्डर को रैंकिंग में खासा फायदा मिला है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Prabhanshu Ranjan

•

Updated: 15 Jul 2018, 7:09 PM IST

karunaratne

ICC Test Ranking: दिमुथ करुणारत्ने और जेसन होल्डर ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल किया

नई दिल्ली। इस सप्ताह में हुए दो अलग-अलग टेस्ट सीरीजों में बेहतरीन बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी करने वाले श्रीलंका के बल्लेबाज दिमुथ करुणारत्ने और वेस्ट इंडीज के गेंदबाज जेसन होल्डर को रैंकिंग में खासा फायदा मिला है। दोनों ने अपने हालिया प्रदर्शन के दम पर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की है। आज जारी हुई आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में इस बात की पुष्टि की गई है।

दमदार प्रदर्शन का मिला शानदार इनाम-
श्रीलंका के दिमुथ करुणारत्ने और वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर आईसीसी की ओर से रविवार को जारी बल्लेबाजों और गेंदबाजों की टेस्ट रैंकिंग में करियर की अपनी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। करुणारत्ने और होल्डर ने शनिवार को अपनी-अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया था। होल्डर (6/59) की शानदार गेंदबाजी के दम पर वेस्टइंडीज ने अपने घर में बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट मैच में 166 रन से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज को 2-0 से अपने नाम कर ली। 2014 के बाद से पहली बार वेस्टइंडीज ने अपने घर में सीरीज जीती है।

करुणारत्ने 10वें और होल्डर 13वें स्थान पर-

होल्डर ने मैच में 103 रन देकर कुल 11 विकेट हासिल किए जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। अपने इस प्रदर्शन की बदौलत होल्डर अब नौ स्थानों की लंबी छलांग लगाकर गेंदबाजों की सूची में 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका के करुणारत्ने ने दक्षिण अफ्रीका पर श्रीलंका की 278 रन की जीत में अहम योगदान दिया था। उन्होंने मैच की पहली पारी में 158 और दूसरी पारी में 60 रन बनाए थे। अपने इस प्रदर्शन की बदौलत अब वह 21 स्थानों की लंबी छलांग लगाकर 10 नंबर पर पहुंच गए हैं।

स्टीव स्मिथ अब भी टॉप पर-

बाल टेम्परिंग मामले में एक साल का प्रतिबंध झेल रहे आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीवन स्मिथ अभी भी बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर कायम हैं जबकि भारतीय कप्तान विराट कोहली दूसरे और इंग्लैंड के जो रूट तीसरे नंबर पर हैं। गेंदबाजों में दक्षिण अफ्रीका के केगिसो रबादा पहले, इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन दूसरे और भारत के रवींद्र जडेजा तीसरे नंबर पर हैं। बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सारीज 2-0 से जीतने के बाद वेस्टइंडीज अब टेस्ट टीम रैंकिंग में आठवें नंबर पर पहुंच गई है जबकि बांग्लादेश की टीम नौवें नंबर पर खिसक गई है।