
दलीप ट्रॉफी (फाइनल): निखिल गंगटा के शतक से इंडिया ब्लू ने खड़ा किया रनों का पहाड़
नई दिल्ली। निखिल गंगटा (130) के शानदार शतक और तीन अन्य बल्लेबाजों के अर्धशतकों की मदद से इंडिया ब्लू ने दलीप ट्रॉफी फाइनल के दूसरे दिन बुधवार को इंडिया रेड के खिलाफ अपनी पहली पारी में 541 रन का विशाल स्कोर बना लिया। इंडिया रेड ने इसके जवाब में अपनी पहली पारी में एक विकेट पर 27 रन बना लिए हैं। वह इंडिया ब्लू के स्कोर से 514 रन पीछे है। उसके नौ विकेट शेष हैं।
निखिल ने जड़ा शतक-
हिमाचल प्रदेश के लिए खेलने वाले निखिल गंगटा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 241 गेंदों में 7 चौके और 6 छक्कों की मदद से 130 रनों की पारी खेली। टीम का जब स्कोर 251 पर 5 विकेट था तब निखिल बल्लेबाजी करने उतरे थे। निखिल ने स्वप्निल सिंह के साथ शतकीय और सौरभ कुमार के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
इंडिया ब्लू ने खड़ा किया रनों का पहाड़-
इससे पहले, इंडिया ब्लू ने यहां एनपीआर कॉलेज ग्राउंड पर दूसरे दिन पांच विकेट पर 260 रन से आगे खेलना शुरू किया। टीम को दिन का पहला झटका रिकी भुई (60) के रूप में लगा। उन्होंने 160 गेंदों पर छह चौके लगाए। उनका विकेट 284 के स्कोर पर गिरा। भुई के आउट होने के बाद निखिल और स्वप्निल सिंह (69) ने सातवें विकेट के लिए 153 रन की साझेदारी की। स्वप्निल ने 117 गेंदों पर नौ चौके और दो छक्के लगाए। सौरभ कुमार ने 36, जयदेव उनादकट ने 24 और धवल कुलकर्णी ने नाबाद नौ रन बनाए। इंडिया रेड के लिए परवेज रसूल ने 150 गेंदों पर चार, मिहिर हिरवानी ने 190 रन पर तीन विकेट, प्रसिद्ध कृष्णा ने 72 रन पर दो विकेट और इशान पोरेल ने 56 रन पर एक विकेट हासिल किया।
इंडिया रेड की बल्लेबाजी-
दिन का खेल समाप्त होने तक संजय रामास्वामी 23 गेंदों पर दो चौकों की मदद से नौ रन और बावंका संदीप 24 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर नाबाद लौटे। कप्तान अभिनव मुकुंद ने 13 गेंदों पर एक चौके बदौलत सात रन का स्कोर किया। इंडिया ब्लू की ओर से धवल कुलकर्णी ने एक विकेट हासिल किया है।
Published on:
6 Sep 2018, 10:51 AM IST
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.