
इमरान खान के करीबी एहसान मनी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के नए चेयरमैन बने
नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के पूर्व अध्यक्ष एहसान मनी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के नए चेयरमैन के रूप में नियुक्त किया गया है। पूर्व पाकिस्तानी कप्तान और दिग्गज आलराउंडर इमरान खान के पाकिस्तान की सत्ता संभालने के साथ ही नजम सेठी ने पिछले महीने पीसीबी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से ही इस पद को भरने की कवायद तेज हो गई थी।
अफजल हैदर की अध्यक्षता में मनी को चुना गया
वेबसाइट 'ईएसपीएन' की रिपोर्ट के अनुसार, एहसान को तीन साल की अवधि के लिए निर्विरोध रूप से पीसीबी का चेयरमैन चुना गया है।एहसान पीसीबी के चेयरमैन के खाली पद के लिए नामांकन भरने वाले एकमात्र उम्मीदरवार थे। ऐसे में बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से उन्हें वोट दिए। एहसान को नजम सेठी की जगह पीसीबी का चेयरमैन बनाया गया है। सेठी ने पिछले माह चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। अंतरिम चेयरमैन और चुनाव आयुक्त न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) अफजल हैदर की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक हुई। इसके बाद एहसान ने तुरंत प्रभाव के साथ पीसीबी के चेयरमैन का पद संभाल लिया। उन्होंने इसके बाद बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) के सदस्यों के साथ एक छोटी बैठक भी की।
इमरान के साथ अच्छे नहीं थे सेठी के रिश्ते
बताया जाता है कि इमरान खान और पूर्व पीसीबी अध्यक्ष नजम सेठी के बीच रिश्ते शुरू से ही अच्छे नहीं रहे हैं। ऐसे में पिछले महीने इमरान खान के सत्ता संभालने के साथ ही सेठी ने अपना इस्तीफा इमरान खान के पास भेज दिया था। बता दें सेठी को पीसीबी बोर्ड ऑफ गवर्नर्स में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने 2014-2017 के लिए और फिर पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी ने 2017-2020 के लिए नामित किया था। उन्होंने कहा कि वह नए प्रधानमंत्री को पाकिस्तान की क्रिकेट के प्रति उनके विजन को अमल में लाने के लिए रास्ता देना चाहते हैं।
Published on:
04 Sept 2018 01:40 pm
