
एशेज सीरीज को लेकर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बड़े खिलाड़ी अपने क्रिकेट बोर्ड इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड से नाराज हैं। रिपोर्ट के अनुसार इंग्लैंड के खिलाड़ी एशेज सीरीज का बहिष्कार कर सकते हैं। यह सीरीज इस वर्ष के आखिरी में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाली है। दरअसल, इंग्लैंड के क्रिकेटर ऑस्ट्रेलिया में पृथकवास के कड़े नियमों के कारण चार महीने तक होटल के कमरों तक सीमित नहीं रहना चाहते हैं। वहीं रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड अपने शीर्ष खिलाड़ियों को भेजने पर अड़ा हुआ है और उसने सीरीज स्थगित करने में बारे में नहीं सोचा है। इससे खिलाड़ियों सहित सहयोगी स्टाफ भी बोर्ड ने नाराज है।
ईसीबी के रवैये से नाराज खिलाड़ी और स्टाफ
रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड टीम के क्रिकेटर और सहयोगी स्टाफ ईसीबी के रवैये से नाराज हैं। बोर्ड ने एशेज दौरे को आंशिक या पूर्ण रूप से स्थगित करने की उनकी मांग को नकार दिया है। ऐसे में टीम और ईसीबी अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद एशेज में इंग्लैंड की कमजोर टीम उतारने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
पूरी टीम कर सकती है सीरीज का बहिष्कार
एशेज सीरीज को लेकर ईसीबी और इंग्लैंड टीम के खिलाड़ी आमने—सामने आ गए हैं। इंग्लैंड के बड़े खिलाड़ी एशेज दौरे पर नहीं जाना चाहते। वहीं ईसीबी इस दौरे को रद्द नहीं करना चाहती। बताया जा रहा है कि इस स्थिति में पूरी टीम दौरे का बहिष्कार कर सकती है। इसमें कोचिंग और सहयोगी स्टाफ भी शामिल है। अगर ऐसा हुआ तो ईसीबी और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लग सकता है।
ऑस्ट्रेलिया का बायो बबल बेहद कड़ा
ऑस्ट्रेलिया में क्वारंटीन के नियम बहुत कड़े हैं। इन कड़े नियमों की वजह से ही इंग्लैंड के खिलाड़ी इस दौरे पर नहीं जाना चाहते। रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड के खिलाड़ियों को गोल्ड कोस्ट में एक रिसॉर्ट रूपी होटल में रखा जाएगा। खिलाड़ियों को सिर्फ 2 या 3 घंटों के लिए ही ट्रेनिंग के लिए होटल से बाहर जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा उन्हें होटल में अपने कमरों में ही रहना होगा। खिलाड़ियों और उनके परिवारों को होटल के कमरे में 14 दिन तक क्वारंटीन भी रहना होगा। इससे पहले इंग्लैंड के कुछ खिलाड़ी आईपीए 2021 के दूसरे चरण में खेलेंगे। इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप भी खेलेंगे। इन दोनों टूर्नामेंट में भी खिलाड़ी और उनके परिवारों को बायो बबल में रहना होगा। इसके बाद एशेज सीरीज के कठोर क्वारंटीन नियम इंग्लैंड के खिलाड़ियों को रास नहीं आ रहे हैं।
Published on:
16 Sep 2021, 10:23 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.