LIVE Eng vs Ind 2nd Test: इंग्लैंड ने टॉस जीत कर भारत को दी बल्लेबाजी
नई दिल्ली। इंग्लैंड और भारत के बीच जारी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीत कर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया है। पहले मैच में लचर प्रदर्शन करने वाले भारतीय बल्लेबाजों का हाल इस मैच में उससे ही खराब रहा। बारिश की लुकाछिपी के बीच भारत की पूरी टीम पहली पारी में मात्र 107 रन ही बना सकी।
107 रन पर सिमटी भारतीय पारी-
लॉर्ड्स में जारी टेस्ट मैच में बारिश की लुकाछिपी के बीच भारतीय बल्लेबाजों का आउट होना लगातार जारी है। पिछले मैच में शानदार शतक और अर्धशतक लगाने वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली मात्र 23 रन बना कर आउट हुए। जबकि उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (18), हार्दिक पांड्या (11) रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी आर. अश्विन ने खेली। अश्विन ने 38 गेंदों का सामना करते हुए 29 रन बना।
इंग्लैड की ओर से जेम्स एंडरसन ने सर्वाधिक पांच बल्लेबाजों को आउट किया। जबकि क्रिस वोक्स को दो सफलताएं मिली। सैम कुरैन और स्टूअर्ट ब्रॉर्ड को एक-एक सफलताएं हासिल हुई। भारत को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। जेम्स एंडरसन ने सलामी बल्लेबाज मुरली विजय को बिना कोई रन बनाए क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम को दूसरा झटका लोकेश राहुल के रूप में लगा। राहुल 8 रन बनाकर जेम्स एंडरसन की गेंद पर आउट हुए।
कोहली के कारण पुजारा हुए आउट-
बारिश के बाद शुरू हुए खेल में मात्र 12 गेंदें फेंकी जा सकी। इन 12 गेंदों पर भारत को चेतेश्वर पुजारा के रूप में एक और झटका लगा। पुजारा मात्र 1 रन बनाकर रन आउट हुए। कोहली की कॉल पर पुजारा रन लेने के लिए निकल चुके थे। लेकिन गेंद लेकर विकेट की ओर से खिलाड़ी को आते देख कोहली वापस लौट गए।
बारिश में धुला था पहले दिन का खेल-
मैच गुरुवार को शुरू होना था लेकिन पूरे दिन बारिश होने के कारण पहले दिन टॉस तक नहीं हो सका था और दिन का खेल रद्द कर दिया गया था। इंग्लैंड की टीम में दो बदलाव हुए हैं। हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स की जगह क्रिस वोक्स टीम में हैं। जबकि, डेविड मलान के स्थान पर ओली पोप टेस्ट में पर्दापण कर रहे हैं।
टीम इंडिया में दो बदलाव-
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के स्थान पर चेतेश्वर पुजारा और तेज गेंदबाज उमेश यादव की जगह कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया गया है। एजबेस्टन में खेले गए पहले मैच में मेजबान टीम ने भारत को 31 रनों से मात दी थी। इस मैच में भारत की कोशिश जीत हासिल करते हुए पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-1 से बराबरी करने की होगी।