15 दिसंबर 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छोटी सी उम्र में कमाए करोड़ों फिर… ग्लैमर, पार्टियां और विवादों से बिगड़ा इस युवा क्रिकेटर का करियर

पृथ्वी शॉ की तुलना कभी ब्रायन लारा तो कभी सचिन तेंदुलकर से होती थी लेकिन दौलत और शोहरत के नशे में पृथ्वी ऐसे डूबे कि विवादों में आ गए। वह आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में नहीं खरीदे गए। पूर्व क्रिकेटर प्रवीण आमरे का कहना है कि पृथ्वी शॉ गलत राह पर हैं और अगर वह नहीं संभले तो विनोद कांबली जैसा होगा बुरा हाल होगा।

2 min read
Google source verification

वेस्टइंडीज के खिलाफ 2018 में 19 वर्षीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने टेस्ट करियर में पदार्पण किया और लगातार दो शतक लगाकर धूम मचा दी। कोई उन्हें ब्रायन लारा कहता था तो कोई सचिन तेंदुलकर। इसके बाद मुंबई के इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल में धूम मचाई लेकिन शोहरत और दौलत के नशे में पृथ्वी ऐसे डूबे कि उनकी चर्चा खेल की बजाय विवादों के कारण होने लगी। इसका असर यह पड़ा कि हाल में आयोजित आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में पृथ्वी को किसी टीम ने नहीं खरीदा। दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व कोच प्रवीण आमरे का मानना है कि पृथ्वी शॉ का हाल पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली जैसा हो गया है।

मैंने पृथ्वी को काफी समझाया था

पूर्व क्रिकेटर और कोच प्रवीण आमरे ने कहा कि जब पृथ्वी दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे, तब मैंने उन्हें विनोद कांबली का उदाहरण देते हुए काफी समझाया था। मैंने कांबली को बुरा वक्त काफी करीब से देखा है। 25 साल की उम्र तक पृथ्वी ने करीब 40-50 करोड़ रुपए कमाए लिए थे। इतने पैसे तो आईआईएम ग्रेजुएट भी इस उम्र में नहीं कमा पाता।

पैसे की चमक में खो गए

आमरे ने कहा कि जब आप बहुत कम उम्र में काफी पैसा और शौहरत कमा लेते हैं तो उसकी चमक में खो जाते हैं। आपको यह पता होना चाहिए कि पैसे को कैसे संभालना है, अच्छे दोस्त कैसे बनाने हैं और क्रिकेट को कैसे प्राथमिकता देनी है लेकिन पृथ्वी ऐसा नहीं कर सके और उनका ध्यान खेल से हट गया।

अनुशाहीनता से खराब हुआ प्रदर्शन

पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स ने पृथ्वी को 2018 में 1.2 करोड़ रुपए में खरीदा था और पिछले सीजन उन्हें आठ करोड़ रुपए मिलते थे। टीम प्रबंधन ने पृथ्वी पर भरोसा जताया लेकिन उन्होंने निराश किया। पृथ्वी में अनुशासन की कमी थी और इसी कारण उन्हें इस साल नीलामी में किसी ने नहीं खरीदा।

ग्लैमर, पार्टियां और विवादों से बिगड़ा करियर

पृथ्वी शॉ अकसर पार्टियों में नजर आते हैं और उनकी ग्लैमरस जिंदगी भी सुर्खियों में रहती है। इसके अलावा, वो कई बार विवादों में भी रहे। 2023 में मुंबई के एक होटल में पृथ्वी का सोशल मीडिया सेलिब्रिटी सपना गिल और उनके दोस्तों से झगड़ा हुआ। इसका वीडियो काफी वायरल हुआ था।

विरार के छोटे घर से 20 करोड़ रुपए का फ्लैट

पृथ्वी शॉ विरार (मुंबई) के एक कमरे वाले घर में अपने पिता के साथ रहते थे। उनकी मां का बचपन में ही निधन हो गया था लेकिन क्रिकेट ने पृथ्वी को पहचान दिलाई और उन्होंने हाल में मुंबई की पॉश सोसायटी में 20 करोड़ रुपए का फ्लैट खरीदा है।

पिता को दी बीएमडब्ल्यू कार

पिछले साल पृथ्वी ने अपने पिता को बीएमडब्ल्यू कार तोहफे में दी थी, जिसकी कीमत करीब 90 लाख रुपए थी। उनके पास कई महंगी कारे हैं। पृथ्‍वी अभी 50 करोड़ के मालिक हैं।