एक अंक के साथ श्रीलंका पहुंचा चौथे और बांग्लादेश सातवें स्थान पर विश्व कप में 13 दिनों में तीन मैच हुए रद्द अभी तक किसी विश्व कप में नहीं हुए थे इतने मैच रद्द
ब्रिस्टल :आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 में बुधवार को एक और मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। काउंटी ग्राउंड बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेला जाने वाले मैच बिना एक भी गेंद फेंके बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। बता दें कि बारिश के कारण इस मैच में टॉस तक नहीं हो सका। इस मैच से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला है।
13 दिन में तीन मैच रद्द
आईसीसी क्रिकेट विश्व कप शुरु हुए अभी महज 13 दिन हुए हैं। इतने कम समय में बारिश की चपेट में आकर तीन मैच रद्द हो गए हैं। इससे पहले सोमवार को विंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया मैच भी बारिश की भेंट चढ़ गया था। श्रीलंका का यह दूसरा मैच है जो बारिश के कारण रद्द हुआ है। इससे पहले सात जून को पाकिस्तान और श्रीलंका का मैच भी बारिश में धुल गया था।
बता दें कि अभी ही इस विश्व कप में अभी तक सबसे ज्यादा मैच बारिश के कारण रद्द हो चुके हैं। इससे पहले किसी और विश्व कप में इतने मैच बारिश के कारण रद्द नहीं हुए थे।
अंक तालिका में श्रीलंका पहुंचा चौथे पर
इस मैच से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला है। इस एक अंक के सहारे श्रीलंका ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर अंक तालिका में अब चौथे स्थान पर आ गई है। मैच से पहले श्रीलंका छठे स्थान पर था और उसे इस एक अंक के सहारे दो स्थान का उछाल मिला है। अब उसके चार मैचों में चार अंक हैं। वहीं बांग्लादेश को भी उछाल मिला है। इस मैच से पहले बांग्लादेश तीन मैचों में दो हार और एक जीत के साथ दो अंक लेकर आठवें स्थान पर था। अब वह पाकिस्तान को पीछे धकेलकर सातवें स्थान पर पहुंच गया है। अब बांग्लादेश के पाकिस्तान के बराबर तीन अंक हो गए हैं, लेकिन बेहतर रन रेट होने के कारण वह उससे ऊपर चला गया है।
आंकड़ों में श्रीलंका भारी
अगर एकदिवसीय क्रिकेट के आंकड़े देखें तो श्रीलंका की टीम बांग्लादेश पर बेहद भारी नजर आती है। लेकिन क्रिकेट कागजों पर नहीं खेला जाता। श्रीलंका और बांग्लादेश का इस विश्व कप में प्रदर्शन देखें तो बांग्लादेश का पलड़ा भारी नजर आता है। इन दोनों के बीच अभी तक कुल 45 मैच खेले गए हैं। इसमें से 36 में श्रीलंका जीता है तो सिर्फ सात में बांग्लादेश को जीत मिली है, जबकि दो मैचों के नतीजे नहीं निकले हैं।
वहीं अगर विश्व कप की बात करें तो इन दोनों के बीच कुल तीन मैच हुए हैं और तीनों में श्रीलंका को जीत मिली है। बांग्लादेश का अभी खाता खोलना बाकी है।
दोनों टीमें (सम्भावित) :
श्रीलंका : दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), अविश्का फर्नाडो, लाहिरू थिरिमाने, एंजेलो मैथ्यूज, धनंजय डी सिल्वा, इसुरु उदाना, मिलिंदा श्रीवर्दना, थिसारा परेरा, जीवन मेंडिस, कुशल परेरा (विकेटकीपर), कुशल मेंडिस, जैफ्री वैंडरसे, लसिथ मलिंगा, सुरंगा लकमल और नुवान प्रदीप।
बांग्लादेश : मशरफे मुर्तजा (कप्तान), तमीम इकबाल, सौम्य सरकार, शब्बीर रहमान, रुबेल हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, अबु जायेद, महमदुल्लाह, मोहम्मद सैफुद्दीन, मोसद्दक हुसैन, शाकिब अल हसन, मेहदी हसन, लिटन दास (विकेटकीपर), मुशिफिकुर रहीम (विकेटकीपर) और मोहम्मद मिथुन।