
MI Emirates vs Gulf Giants, ILT20: इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) में शनिवार को एमआई एमिरेट्स और गल्फ जाएंट्स के बीच खेले गए मुक़ाबले में एक अजीबो गरीब घटना देखने को मिली। इस मैच की दूसरी पारी के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर कुछ ऐसा हुआ, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।
दरअसल गल्फ जाएंट्स के बल्लेबाज मार्क अडेयर ने लॉन्ग ऑफ पर शॉट मारा और एक रन लिया। नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े टॉम करन ने सिंगल लिया और क्रीज़ पर आने के बाद दो बार बल्ल टैप किया। लेकिन इसके तुरंत बाद वे अडेयर से बात करने के लिए क्रीज़ से निकल गए। तब तक ओवर डेड नहीं हुआ था। ऐसे में विकेटकीपर निकोलस पूरन ने गिल्लियां बिखेर दी और अंपायर से आउट की अपील की। जिसे टीवी अंपायर के पास भेजा गया और उन्होंने इसे आउट करार दिया।
अंपायर के इस फैसले से गल्फ जाएंट्स के कोच एंडी फ्लावर नाराज़ हो गए और उन्होंने डगआउट से बाहर आकर टॉम को मैदान में ही रहने का इशारा किया। जिसके बाद पूरन ने अपील वापस लेते हुए करन को बल्लेबाजी के लिए फिर से बुला लिया। एमआई एमिरेट्स के इस फैसले की गल्फ जाएंट्स के डगआउट ने सराहना की और तालियां बजाई।
पूरन ने मैच के बाद इस घटना पर कहा, "यह खेल भावना के बारे में था। नियमों के अनुसार, हां ऐसा लग रहा था कि बल्लेबाज ने ओवर के लिए कॉल सुन ली थी, लेकिन मैंने निश्चित रूप से नहीं सुना था, यही वजह है कि मैंने अपील की थी।"
Updated on:
26 Jan 2025, 12:07 PM IST
Published on:
26 Jan 2025, 12:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.