
नई दिल्ली। करीब सात साल बाद असम का गुवाहटी शहर किसी इंटरनेशनल मैच की मेजबानी कर रहा है। नेहरू स्टेडियम के बाद बनाया गया बारसापारा स्टेडियम इस मेजबानी के लिए पूरी तरीके से तैयार है। मैच की मेजबानी के साथ ही स्टेडियम का नाम इतिहास में दर्ज होगा। उद्घाटन के खास आयोजन में असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, राज्यपाल जगदीश मुखी सहित कई दिग्गज शामिल होंगे। साथ ही आज के मैच को जीत कर भारतीय टीम भी कई नए रिकॉर्ड कायम कर सकती है। टीम के मौजूदा फार्म को देखते हुए यह कारनामा कोई बड़ी बात नहीं दिख रही है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार आठ जीत
आज के मुकाबले में विजय पताका फहराते ही भारतीय क्रिकेट टीम के नाम पर कंगारू टीम को टी-20 में लगातार आठ मैच हराने का रिकॉर्ड कायम हो जाएगा। टीम इंडिया 28 सितंबर 2012 के बाद से ऑस्ट्रेलिया से एक भी मैच नहीं हारी है।
लगातार जीत के मामले में दूसरे नंबर पर
आज का मुकाबला जीतते ही भारतीय टीम टी-20 इंटरनेशनल के इतिहास में किसी भी एक टीम को लगातार हराने के मामले में दूसरे नंबर पर आ जाएगी। इस सूची में पाकिस्तान टॉप पर है। पाकिस्तान ने जिम्बाव्बे को 9 टी-20 मुकाबलों में लगातार शिकस्त दी है।
होम ग्राउंड पर लगातार जीत का नया रिकॉर्ड
दूसरे टी 20 में जीत दर्ज करते ही भारतीय टीम किसी टीम के खिलाफ अपने होम ग्राउंड पर लगातार जीत का नया रिकॉर्ड बना लेगी। टी 20 इतिहास में अब तक किसी भी टीम ने अपने होम ग्राउंड पर एक टीम को लगातार पांच मुकाबले में नहीं हराया है। भारत ने महेन्द्र सिंह धोनी और विराट कोहली की कप्तानी में अब तक ऑस्ट्रेलिया को होम ग्राउंड पर लगातार चार बार हराया है।
मैक्सवेल को लगातार पाचवीं बार आउट करने का मौका
कंगारू टीम के आक्रामक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल इस समय खराब फॉर्म से जुझ रहे है। भारत दौरे पर अबतक उनका बल्ला बोल नहीं पाया है। मैक्सवेल ने वनडे में 39, 14, 5 रन बनाये। जबकि टी20 मैच में 17 रन ही बना सके। खास बात यह कि हर बार मैक्सवेल को युजवेंद्र चहल ने आउट किया। आज के मैच में चहल के पास मैक्सवेल को लगातार पांच बार आउट करने का मौका होगा।
70 साल बाद बन सकता है ये रिकॉर्ड
भारतीय टीम के पास आज 70 साल में पहला मौका आया है, जब वह ऑस्ट्रेलिया को लगातार चार द्विपक्षीय इंटरनेशनल सीरीज में हरा सकती है। भारतीय टीम ने 2016 में ऑस्ट्रेलिया में टी-20 सीरीज में 3-0, अपने देश में टेस्ट सीरीज में 2-1 और इस बार वनडे सीरीज में 4-1 से शिकस्त देने में कामयाबी हासिल की है।
Published on:
10 Oct 2017 12:26 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
