4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND vs ENG: 4 महीने पहले Sanju Samson की वजह से टूट गया था इंग्लैंड का सपना, लेकिन अंग्रेजों के खिलाफ आंकड़े खराब

IND vs ENG T20: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला मैनचेस्टर में खेला जाएगा, जहां सबकी नजरें संजू सैमसन पर है। भारतीय ओपनर ने पिछले 3 मुकाबलों में सिर्फ 6 रन बनाए हैं।
2 min read
Google source verification
Sanju Samson Batting Order

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ​संजू सैमसन (फोटो सोर्स: IANS)

Sanju Samson vs England in T20 Cricket: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला मैनचेस्टर में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन पर सभी की नजरें रहेंगी, जो पिछली तीन टी20 पारियों में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके हैं। हालांकि इसी बल्लेबाज ने चार महीने पहले इंग्लैंड का टी20 वर्ल्डकप 2026 जीतने का सपना सेमीफाइनल में तोड़ दिया था।

सेमीफाइल में खेली थी मैच जिताऊ पारी

टी20 वर्ल्डकप 2026 के सेमीफाइनल में संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 89 रन की शानदार पारी खेली थी। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 253 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की टीम 246 रन ही बना सकी और मुकाबला हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इसी जीत के साथ भारत ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया था।

इंग्लैंड के खिलाफ आंकड़े खराब

अब एक बार फिर संजू सैमसन इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर उतरने जा रहे हैं, लेकिन इस बार हालात कुछ अलग हैं। संजू पिछली तीन टी20 पारियों में दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए हैं। आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने 5 रन बनाए थे, दूसरे मुकाबले में बिना खाता खोले आउट हो गए थे और इंग्लैंड दौरे के पहले टी20 में भी वह सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। यह इंग्लैंड में संजू सैमसन का पहला टी20 मुकाबला था। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ भी टी20 में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। अब तक 7 मुकाबलों में उन्होंने 20 की औसत से सिर्फ 141 रन बनाए हैं।

मैनचेस्टर की पिच पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है, लेकिन अगर बल्लेबाज शुरुआती समय निकाल ले तो बाद में बड़े शॉट खेलना आसान हो जाता है। भारतीय टीम ने मैनचेस्टर में अब तक दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इनमें एक में भारत और एक में इंग्लैंड को जीत मिली है।

18 बार इंग्लैंड को हरा चुकी है टीम इंडिया

अगर दोनों टीमों के टी20 अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड की बात करें तो भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 30 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 18 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड को 12 मुकाबलों में सफलता मिली है। वहीं, पिछले पांच मुकाबलों की बात करें तो भारतीय टीम ने चार में जीत दर्ज की है, जबकि इंग्लैंड को सिर्फ एक मैच में सफलता मिली है।

ऐसे में आंकड़े भारत के पक्ष में नजर आते हैं। अब देखना होगा कि मैनचेस्टर में भारतीय टीम अपना रिकॉर्ड और बेहतर करती है या इंग्लैंड सीरीज में बढ़त हासिल करने में सफल रहती है।