
अक्षर पटेल (फोटो- IANS)
Axar Patel Set to Equal MS Dhoni Record: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में आज शाम 7 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमें सीरीज में बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेंगी। पहला मुकाबला डरहम में खेला गया था, लेकिन एक पारी के बाद बारिश की वजह से मैच रद्द करना पड़ा था। इस मुकाबले में अक्षर पटेल 2 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
मैनचेस्टर का मैदान भारतीय टीम के लिए खट्टी-मीठी यादों से भरा रहा है। यही वह मैदान है, जहां भारतीय टीम ने 1983 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी और फिर वेस्टइंडीज को हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनी थी।
यही वह मैदान है, जहां भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू किया था और उसी मैच के बाद इस प्रारूप से संन्यास ले लिया था। इसी मैदान पर अजिंक्य रहाणे ने भी टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू किया था।
यही वह मैदान है, जहां विराट कोहली ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का पहला विकेट हासिल किया था और केविन पीटरसन जैसे दिग्गज बल्लेबाज को महेंद्र सिंह धोनी के हाथों स्टंप आउट कराया था।
हालांकि, यह वही मैदान भी है, जहां करोड़ों भारतीय फैंस का दिल टूटा था, जब 2019 क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
भारत ने इस मैदान पर अब तक दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इनमें से एक में इंग्लैंड और एक में भारत को जीत मिली है। 2011 में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने जीत हासिल की थी, जबकि 2018 में भारतीय टीम ने आठ विकेट से मुकाबला जीतकर हिसाब बराबर कर दिया था।
इस मुकाबले में अक्षर पटेल एक विकेट हासिल करते ही भारत के लिए 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बन जाएंगे। उन्होंने अब तक 99 विकेट चटकाए हैं। भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह (131), जसप्रीत बुमराह (121) और हार्दिक पंड्या (114) शामिल हैं। वहीं, युजवेंद्र चहल के नाम 96, कुलदीप यादव के नाम 95 और भुवनेश्वर कुमार के नाम 90 विकेट दर्ज हैं।
इसके अलावा, अक्षर पटेल इस मुकाबले में उतरते ही महेंद्र सिंह धोनी के भारत के लिए 98 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। अक्षर अब तक 97 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है, जिन्होंने 159 मैच खेले हैं। उनके बाद हार्दिक पंड्या (138), विराट कोहली (125) और 2026 टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव (113) मैच खेल चुके हैं।
Updated on:
04 Jul 2026 12:11 pm
Published on:
04 Jul 2026 12:02 pm
