
भारतीय युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (फोटो- IANS)
IND vs ENG T20 Series 2026: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा, जहां एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजरें रहेंगी। वैभव ने मैनचेस्टर में अपना टी20 डेब्यू किया था। हालांकि दूसरे टी20 मुकाबले में वह सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गए थे। वह ऑफ स्पिनर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में स्टंप आउट हो गए थे। टीम इंंडिया के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने बताया कि किस वजह से वह जल्दी पवेलियन लौट गए थे।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने कहा, "मुझे लगता है कि उनकी शुरुआत अच्छी रही थी, लेकिन उन्होंने अब तक ऑफ स्पिन गेंदबाजी का ज्यादा सामना नहीं किया है। आईपीएल में ओपनिंग करते हुए भी उन्होंने ज्यादातर तेज गेंदबाजों का सामना किया है। ऑफ स्पिन के खिलाफ यह उनकी सबसे बड़ी चुनौती रही। यह उनका पहला मुकाबला था, इसलिए सिर्फ इसी आधार पर उन्हें जज नहीं किया जा सकता। हालांकि उन्हें इस पहलू पर काम करने की जरूरत है।"
उन्होंने आगे कहा कि "अभिषेक शर्मा ने ऑफ स्पिन के खिलाफ काफी मेहनत की है और अब वह इस तरह की गेंदबाजी के खिलाफ अच्छे बल्लेबाज बन चुके हैं। जिस ओवर में वैभव सूर्यवंशी आउट हुए, उसी ओवर में उन्होंने दो शानदार चौके लगाए थे। इसके बाद उन्होंने अभिषेक शर्मा की तरह आगे निकलकर ऑफ स्पिनर की गेंद को मिड-ऑफ के ऊपर से खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले को चकमा देते हुए सीधे विकेटकीपर जोस बटलर के पास पहुंच गई। बटलर ने बिना कोई गलती किए गिल्लियां बिखेर दीं और क्रीज से बाहर होने की वजह से वैभव सूर्यवंशी को पवेलियन लौटना पड़ा।"
विल जैक्स का उस मैच में वह इकलौता विकेट था। वह इंग्लैंड के पार्ट टाइम स्पिनर हैं और कई अहम मौकों पर अपनी टीम के लिए विकेट चटका चुके हैं।
आपको बता दें कि दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड ने 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल करते हुए 191 रन बनाकर मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम कर लिया। जैकब बेथेल ने नाबाद 76 रन की पारी खेली थी, जो मैच में बड़ा अंतर साबित हुई।
Updated on:
07 Jul 2026 05:38 pm
Published on:
07 Jul 2026 05:38 pm
