
सूर्यकुमार यादव (फोटो- IANS)
Suryakumar Yadav Post: टीम इंडिया के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मंगलवार को एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने उन बातों को झूठला दिया, जिसे उनके नाम से फैलाया जा रहा था। टी20 वर्ल्डकप 2026 के बाद कप्तानी छीने जाने के बाद सोशल मीडिया पर कई पोस्ट देखे गए, जिसमें ये दावा किया जा रहा था कि टीम से बाहर किए जाने और कप्तानी छीने जाने से सूर्यकुमार यादव नाराज हैं।
पूर्व कप्तान और अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को टी20 विश्व कप 2026 में चैंपियन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए भारतीय टीम को शुभकामना दी है, साथ ही किसी भी बयान से इनकार किया है, जिसे उनका दिया बताकर प्रचारित किया जा रहा है।
सूर्यकुमार यादव ने एक्स पर लिखा, "मैं टीम के लिए बहुत खुश हूं और हमेशा उनके लिए अच्छे की दुआ करता हूं। मुझे पता है कि लड़के अपना सब कुछ दे रहे हैं, और उन्हें हमेशा मेरा पूरा समर्थन रहेगा। वैभव के लिए एक खास बात—तुम एक बहुत ही रोमांचक सफर की शुरुआत में हो। हर पल का आनंद लो और देश को गर्व महसूस कराते रहो।"
उन्होंने आगे लिखा, "मैंने यह भी देखा है कि ऑनलाइन एक बयान फैलाया जा रहा है, जो गलत तरीके से मेरे नाम से बताया जा रहा है। मैं यह साफ करना चाहता हूं कि मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और न ही उसे मंजूरी दी है। कृपया बिना जांची-परखी जानकारी पर विश्वास न करें और उसे साझा न करें। भारतीय क्रिकेट, मेरे साथी और खेल के लिए मेरा सहयोग हमेशा उन शब्दों से ज्यादा जोरदार रहेगा जो गलत तरीके से मेरे नाम से बताए गए हैं।"
पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव के नाम पर हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ बयान भ्रामक तरीके से फैलाए गए हैं, जिनमें वे अपनी टी20 की कप्तानी जाने और वैभव सूर्यवंशी पर बोलते हुए दिख रहे हैं। सूर्या की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद अब ऐसी भ्रामक जानकारियों पर निश्चित रूप से ताला लग गया है।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने निश्चित रूप से टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता था और लगातार दूसरी बार इस फॉर्मेट की चैंपियन बनी, लेकिन उनका अपना प्रदर्शन लंबे समय से निराशाजनक रहा था। आईपीएल में भी उनका बल्ला साधारण रहा। इस वजह से भारतीय टी20 टीम के कप्तान पद से हटाने के साथ ही टीम से भी ड्रॉप कर दिया गया।
Updated on:
07 Jul 2026 03:58 pm
Published on:
07 Jul 2026 03:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
