5 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुंबई में संजू के बाद दुबे ने मचाई तबाही, भारत ने खड़ा किया टी20 वर्ल्डकप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत के लिए संजू सैमसन ने 89 और शिवम दुबे ने ताबड़तोड़ 43 रन की पारी खेली। दोनों ने मिलकर 9 चौके और 11 छक्के लगाए।

2 min read
Google source verification
Sanju Samson and Shivam Dube

संजू सैमसन और शिवम दुबे (फोटो- IANS)

IND vs ENG Update, T20 World Cup 2026 Semifinal 2: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने जीते के लिए 254 रन का लक्ष्य रखा है। संजू सैमसन और शिवम दुबे की ताबड़तोड़ पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 253 रन बनाए। यह टीम इंडिया के टी20 वर्ल्डकप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इसी टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 254 रन बनाए थे।

फिर फेल हुए अभिषेक

इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा एक बार फिर फ्लॉप रहे और सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 7 गेंदों का सामना किया और 2 चौके लगाए। विल जैक्स की गेंद पर लॉन्ग ऑन की ओर छक्का मारने की कोशिश में वह फिल सॉल्ट को कैच दे बैठे।

संजू सैमसन ने रचा इतिहास

हालांकि इसके बाद संजू सैमसन को ईशान किशन का साथ मिला और दोनों ने भारतीय टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। ईशान किशन 18 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें उन्होंने 2 छक्के और 4 चौके लगाए। दूसरी ओर संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 42 गेंद में 89 रन बनाकर आउट हुए और यह टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में भारत की ओर से संयुक्त रूप से सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले 2016 के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ विराट कोहली ने नाबाद 89 रन बनाए थे। संजू सैमसन ने अपनी पारी में 7 चौके और 7 छक्के लगाए।

सैमसन के आउट होने के बाद शिवम दुबे ने 25 गेंद में ताबड़तोड़ 43 रन ठोक दिए। हालांकि वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट होकर पवेलियन लौटे। दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव एक बार फिर फ्लॉप रहे और 6 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 3 छक्के लगाकर 21 रन की धुंआधार पारी खेली, तो हार्दिक ने 12 गेंदों में 27 रन कूट डाले। इस तरह भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 253 रन बनाए।

जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 61 रन लुटाए तो सैम करन ने 53 रन दिए। विल जैक्स ने 4 ओवर में 41 और आदिल रशीद ने 4 ओवर में 41 रन दिए। दोनों स्पिनर्स को दो-दो सफलता मिली।