
टी20 वर्ल्ड चैंपियन (फोटो- IANS)
Team India T20 World Champion: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हरा दिया। भारतीय टीम दुनिया की ऐसी पहली टीम बन गई है जिसने तीन बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। साथ ही टीम इंडिया पहली टीम भी बन गई है जिसने खिताब डिफेंड करते हुए लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीता है। इससे पहले भारतीय टीम ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था, जबकि 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने ट्रॉफी अपने नाम की। यहीं नहीं भारतीय टीम ने पहली बार टी20 वर्ल्डकप में कीवी टीम को मात दी है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 255 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर ही ढेर हो गई। इस मुकाबले में टीम इंडिया के 5 खिलाड़ियों ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसके सामने विरोधी टीम की एक न चली। न्यूजीलैंड ने टॉस तो जीत लिया, लेकिन उसके बाद मैच में कुछ भी उनके पक्ष में नहीं गया।
भारतीय ओपनर्स ने ऐतिहासिक शुरुआत की और वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी कर डाली। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े। इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी 48 रन की थी। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। वह 21 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। उन्होंने 25 गेंदों में 54 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली और टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। इसके बाद अंत में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में 26 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम को 250 के पार पहुंचाया। न्यूजीलैंड की ओर से जेम्स नीशम ने 4 ओवर में 46 रन देकर 3 विकेट लिए। मिचेल सेंटनर ने 4 ओवर में 33 रन दिए और वह सबसे किफायती गेंदबाज रहे। वहीं लॉकी फर्ग्यूसन ने 2 ओवर में 48 रन खर्च किए।
256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के सलामी बल्लेबाजों ने जल्दी विकेट गंवा दिए। टिम सीफर्ट ने अर्धशतकीय पारी जरूर खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास साथ नहीं मिला। अगले पांच बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू सके। कप्तान मिचेल सेंटनर ने एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी करने की कोशिश की, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ उन्हें भी बोल्ड कर भारत की जीत लगभग पक्की कर दी। अभिषेक ने आखिरी विकेट लेकर टीम इंडिया की जीत पर मुहर लगा दी। बुमराह ने 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए, तो अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटके।
इस मुकाबले में टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टॉप ऑर्डर में संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। वहीं गेंदबाजी में अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने ऐसा दबाव बनाया कि न्यूजीलैंड की टीम पूरे मुकाबले में कभी भी भारतीय टीम से आगे नहीं निकल सकी।
Updated on:
08 Mar 2026 10:46 pm
Published on:
08 Mar 2026 10:43 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
