
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका टीम को एक और बड़ा झटका लग सकता है। बताया जा रहा है कि कुशल परेरा के बाद श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज धनंजय डी सिल्वा भी पहले मुकाबले से बाहर हो सकते हैं। शुक्रवार को धनजंय डी सिल्वा को ट्रेनिंग के बाद बैक इंजरी की शिकायत हुई थी। इनसाइड स्पोर्ट की रिपोर्ट के अनुसार, बैक इंजरी की शिकायत के बाद धनंजय को सीटी स्कैन के लिए भेजा गया। ऐसे में अगर धनंजय सीरीज के पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे तो यह श्रीलंका टीम के लिए बड़ा झटका हो सकता है।
धनंजय डी सिल्वा को बनाया गया उप कप्तान
धनंजय श्रीलंका टीम के अनुभवी खिलाड़ी हैं और उन्हें भारत के खिलाफ सीरीज के लिए टीम का उप कप्तान बनाया गया है। उनके पास 50 वनडे मैचों का अनुभव है। वहीं कप्तान दसुन शनाका को सिर्फ 28 वनडे मैचों का ही अनुभव है। हाल ही श्रीलंका क्रिकेट ने कुसल मेंडिस, निरोशन डिकवेला और दनुष्का गुनातिलका पर बायो-बबल उल्लंघन के कारण बैन लगाया था। इस वजह से श्रीलंका टीम के बल्लेबाजी विभाग में धनंजय डी सिल्वा ही अनुभवी विकल्प थे। हालांकि अब उनके पहले मैच में खेलने पर संशय बना हुआ है।
कुसल परेरा हुए बाहर
वहीं श्रीलंका टीम के अनुभवी खिलाड़ी कुसल परेरा पूरी सीरीज से ही बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान कुसल परेरा के कंधे में चोट लग गई थी। हालांकि चोट लगने के बाद भी उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर खेल जारी रखा। वहीं भारत के खिलाफ सीरीज से बाहर होने पर श्रीलंका टीम को झटका जरूर लगा है। परेरा ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के लिए 22 टेस्ट, 107 वनडे और 50 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।
श्रीलंका की टीम इस प्रकार है:-
दासुन शनाका (कप्तान), धनंजय डी सिल्वा, अविष्का फर्नाडो, भानुका राजपक्षे, पाथुम निसंका, चरिथ असालंका, वनिंदु हसारंगा, आशेन बंडारा, मिनोद भानुका, लाहिरू उदारा, रमेश मेंडिस, चमिका करूणारत्ने, बिनुरा फर्नाडो (सिर्फ टी20 के लिए), दुश्मंथा चमीरा, लक्ष्न संदाकन, अकीला धनंजय, शिरान फर्नाडो, धनंजय लक्ष्न, ईशान जयारत्ने, प्रवीण जयाविक्रमा, असिथा फर्नाडो, कासुन रजिथा, लाहिरू कुमारा, इशुरु उदाना।
Updated on:
18 Jul 2021, 10:28 AM IST
Published on:
18 Jul 2021, 10:26 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.