
श्रेयस अय्यर (फोटो- IANS)
IND vs ZIM T20 Series 2026: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने कप्तान श्रेयस अय्यर की खूब तारीफ की है। उन्होंने अय्यर को गेंदबाजों को कप्तान तक घोषित कर दिया है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज में यश ठाकुर को अपने डेब्यू का इंतजार है। हालांकि वह पंजाब किंग्स के लिए अय्यर की कप्तानी में खेल चुके हैं। उन्होंने बताया कि अय्यर का अपने खिलाड़ियों पर भरोसा और शांत स्वभाव उनके जैसे युवा गेंदबाजों का आत्मविश्वास बढ़ाता है।
यश ठाकुर ने बताया कि पहले से साथ खेलने की वजह से दोनों के बीच अच्छी समझ बनी हुई है। अय्यर उनकी गेंदबाजी की खूबियों को अच्छी तरह जानते हैं और यह भी समझते हैं कि किस स्थिति में उनका सबसे बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है। ठाकुर ने 'जियोस्टार' से कहा, "कप्तान श्रेयस अय्यर मेरी खूबियों को अच्छी तरह जानते हैं। वह समझते हैं कि मैं खेल के किस हिस्से में सबसे असरदार हूं, चाहे वह पावरप्ले हो, मिडिल ओवर्स हों या डेथ ओवर्स। उन्हें पता है कि टीम को जिताने के लिए मैं कहां सबसे अधिक योगदान दे सकता हूं।"
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कहा कि आईपीएल में साथ खेलते हुए जो तालमेल बना था, वह नेशनल टीम में भी काम आ रहा है। उन्होंने कहा, "वह आपसी समझ आईपीएल के दौरान बनी थी, जब मैंने उनके साथ समय बिताया और प्लान पर चर्चा की। मैं खुद को बहुत खुशनसीब मानता हूं, क्योंकि मैंने आईपीएल में श्रेयस की कप्तानी में खेला है, और अब मैं भारतीय टीम में भी उनकी कप्तानी में खेलूंगा। इस निरंतरता से एक मजबूत बॉन्ड बनाने में मदद मिलती है।"
तेज गेंदबाज के अनुसार, खिलाड़ियों पर अय्यर के भरोसे का उनके प्रदर्शन पर सीधा असर पड़ता है। उन्होंने कहा, "जब आपका कप्तान आपकी काबिलियत पर भरोसा करता है, तो मैदान पर आपको बहुत आत्मविश्वास मिलता है।" यश ने अय्यर की कप्तानी के तरीके पर भी बात की। उन्होंने अय्यर को एक शांत लीडर बताया जो मैच की स्थिति कैसी भी हो, घबराते नहीं हैं और गेंदबाजों को अपने प्लान की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
उन्होंने कहा, "मेरी नजर में वह बहुत शांत रहते हैं। चाहे हम रन लुटा रहे हों, अच्छी गेंदबाजी कर रहे हों या गेंदबाजी के लिहाज से हमारा दिन खराब हो, वह कभी अपना आपा नहीं खोते। वह दबाव वाली स्थितियों में भी शांत रहते हैं।" ठाकुर ने कहा कि अय्यर अपनी सलाह देने से पहले फैसले लेने की प्रक्रिया में अपने गेंदबाजों को शामिल करना पसंद करते हैं, न कि उन पर अपनी रणनीति थोपते हैं। भारतीय कप्तान के साथ अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए ठाकुर ने कहा कि गेंदबाजों पर अय्यर का भरोसा ही उन्हें एक लीडर के तौर पर सबसे अलग बनाता है।
उन्होंने कहा, "वह हमेशा सीधे गेंदबाजों के पास आते हैं और पूछते हैं, 'आपका क्या प्लान है? आपको क्या लगता है कि यहां सबसे अच्छा विकल्प क्या है?' वह अपनी सोच थोपते नहीं हैं। वह पहले बात सुनते हैं और फिर अपनी राय देते हैं। इससे बहुत फर्क पड़ता है। मैं उन्हें गेंदबाजों का कप्तान कहूंगा; वह अपने बॉलर्स पर पूरा भरोसा करते हैं और उन्हें अपने प्लान पर अमल करने की आजादी देते हैं।"
Updated on:
25 Jul 2026 04:47 pm
Published on:
25 Jul 2026 04:45 pm
