बांग्लादेश की ख़राब बल्लेबाजी
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और अपने पड़ोसी को 20 ओवरों में आठ विकेट पर 139 रनों पर सीमित कर दिया। बांग्लादेश की ओर से लिटन दास ने सबसे अधिक 34 रन बनाए जबकि शब्बीर रहमान ने 30 रनों का योगदान दिया। सौम्य सरकार (14) और अनुभवी तमीम इकबाल (15) ने बांग्लादेश को तेज शुरुआत देने का प्रयास किया लेकिन सौम्य को 20 के कुल योग पर युजवेंद्र चहल के हाथों कैच कराकर जयदेव उनादकट ने उनकी इस रणनीति पर पानी फेर दिया। तमीम खतरनाक हो सके थे लेकिन 35 के कुल योग पर शार्दुल ठाकुर ने उन्हें भी चलता कर अपनी टीम का काम आसान किया। विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम (18) ने भी पैर जमाने की कोशिश की लेकिन विजय शंकर ने उन्हें ऐसा नहीं कर दिया और 66 के कुल योग पर विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। कप्तान महमुदुल्लाह (1) भी शंकर का शिकार बने।