नई दिल्ली। श्रीलंका के खिलाफ खेले गए पहले मैच में मिली हार से सबक लेते हुए भारतीय क्रिकेट टीम त्रिकोणीय टी-20 सीरीज निदास ट्रॉफी टूनार्मेट में गुरुवार को खेले जाने वाले अपने दूसरे मैच में मजबूत इरादों के साथ बांग्लादेश के खिलाफ उतरेगी। भारत को अपने पहले मैच में श्रीलंका के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। श्रीलंका के लिए इस मैच में कुसल परेरा ने सबसे अधिक 66 रन बनाए। उन्होंने 37 गेंदों का सामना करते हुए यह स्कोर बनाया। उनकी बदौलत मेजबान टीम ने जीत का स्वाद चखा। इस मैच में भारतीय टीम बांग्लादेश को कमतर आंकने की भूल नहीं करेगी।
जीत से जारी रहेगी जंग - विराट कोहली के स्थान पर टीम की कमान संभाल रहे रोहित शर्मा ने कहा कि पावरप्ले के दौरान की गई गलतियों को अगले मैच में नहीं दोहराया जाएगा। उनके अनुसार, भारतीय टीम पहले छह ओवरों में ही अपने मैच को गंवा बैठी थी। ऐसे में भारतीय टीम को अपनी फील्डिंग को मजबूत करना होगा, जिसमें कमी के कारण उन्हें श्रीलंका के खिलाफ हार मिली थी। बता दें कि भारतीय टीम के इस सीरीज में बने रहने के लिए इस मैच को हर हाल को जीतना होगा।
धवन से फिर होगी उम्मीद - टीम के बल्लेबाजों ने अच्छा काम किया। शिखर धवन ने सबसे अधिक 90 रनों की शानदारी पारी खेली। मनीष पांडे ने भी 37 रन बनाकर अच्छा योगदान दिया। हालांकि, रोहित का कहना है कि टीम और भी अच्छा स्कोर खड़ा कर सकती थी। ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में टीम के मध्यम और निचले क्रम के बल्लेबाजों को अहम भूमिका निभानी होगी। पहले मैच में भारतीय गेंदबाजों में युजवेंद्र चहल और वाशिंगटन सुंदर ने अच्छा प्रदर्शन किया। दोनों ने दो-दो विकेट लिए।
बांग्लादेश का पहला मुकाबला - बांग्लादेश की टीम की बात की जाए, तो वह भारत के खिलाफ खेले जाने वाले मैच से निदास ट्रॉफी टूनार्मेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इस सीरीज में टीम के साथ उसके हरफनमौला बल्लेबाज शाकिब अल-हसन शामिल नहीं हैं। उनके स्थान पर महमुदुल्लाह कप्तानी का कार्यभार संभालेंगे। शाकिब के न होने से भारत के पास इस मैच में जीत हासिल करने के अच्छे अवसर होंगे। बांग्लादेश के प्रदर्शन का आकलन कर पाना संभव नहीं होगा। शाकिब की अनुपस्थिति के बावजूद उसके पास तमीम इकबाल, सौम्य सरकार जैसे खिलाड़ी हैं।
टीमें (संभावित) :- भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उप-कप्तान), लोकेश राहुल, सुरेश रैना , मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, विजय शंकर, शार्दुल ठाकुर, जयदेन उनादकट, मोहम्मद सिराज और ऋषभ पंत।