
Asia Cup में जब Team India ने भाग लेने से किया था मना। (फोटो सोर्स: IANS)
India vs England: पाकिस्तान की मेजबानी में अगले महीने होने वाले आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड से पांच टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी। भारतीय टीम की अगुवाई सूर्य कुमार यादव करेंगे जबकि इंग्लैंड की कमान अनुभवी जोस बटलर के हाथों में है। इस मुकाबले में सभी की निगाहें लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पर टिकी होंगी।
भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 22 जनवरी को कोलकाता के ईडन गार्डंस में होना है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे खेला जाएगा। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत को इंग्लैंड से कड़ी चुनौती मिली है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 24 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 13 मैच जबकि इंग्लैंड ने 11 मुकाबले जीते हैं। यानी मुकाबला टक्कर का रहा है और अब इंग्लैंड सीरीज में इसे बराबरी पर लाना चाहेगा। इन आंकड़ों के अलावा दोनों टीमों और क्रिकेट प्रशंसकों की नजर कोलकाता के मौसम पर भी होंगी। ऐसे में सभी इस बात को जानना चाहेंगे कि कोलकाता में इंद्रदेव मेहरबान रहेंगे या अपना रूप दिखाएंगे।
एक्यूवेदर के मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, कोलकाता में 22 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। दिन का तापमान अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है, ऐसे में क्रिकेट फैंस बिना किसी बाधा के मैच का लुत्फ उठा सकेंगे। वैसे भी ईडन गार्डंस अपनी बल्लेबाजी के अनुकूल पिचों के लिए प्रसिद्ध है। दोनों टीमों को अपनी बल्लेबाजी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा। मैच के दौरान ओस की महत्वपूर्ण भूमिका होने की उम्मीद है, जो संभावित रूप से दोनों कप्तानों की गेंदबाजी रणनीतियों को प्रभावित कर सकती है। तेज आउटफील्ड होने के कारण बड़े स्कोर की उम्मीद की जा सकती है।
भारत- सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल (उपकप्तान), हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)।
इंग्लैंड- बेन डकेट, हैरी ब्रूक, जेमी स्मिथ, जैकब बेथेल, जेमी ओवरटन, लियाम लिविंगस्टोन, जोस बटलर (कप्तान और विकेट कीपर), फिल साल्ट (विकेट कीपर), आदिल रशीद, ब्राइडन कार्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, मार्क वुड, रेहान अहमद, साकिब महमूद।
Updated on:
5 Jul 2025, 2:26 PM IST
Published on:
21 Jan 2025, 7:25 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.