
India vs New Zealand, Semi-Final, World cup 2023 Pitch and weather report: वर्ल्ड कप 2023 का पहला सेमी-फाइनल मुक़ाबला मेजबान भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुक़ाबले में दोनों टीमें बिना किसी रुकाव के पूरा मैच खेलना चाहेंगी। वर्ल्ड कप 209 में भी दोनों टीमों के बीच सेमी-फाइनल मुक़ाबला खेला गया था। लेकिन उस मुक़ाबले में बारिश ने खलल डाला था। ऐसे में क्या इस बार भी मौसम मैच का मज़ा किरकिरा करेगा? और अगर बारिश के चलते मैच रद्द हो जाता है तो किसे फ़ाइनल का टिकट मिलेगा। आइए जानते हैं इस खबर के माध्यम से।
मुंबई के मौसम का हाल -
मुंबई में इन दिनों बारिश नहीं हो रही है। ऐसे में बुधवार को भी बारिश की संभावना न के बराबर है। वेबसाइट एक्यूवेदर के अनुसार, मुंबई में धूप खिली रहेगी और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहेगा। यहां हवा 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। इसके अलावा समुद्र पास में होने की वजह से नमी देखने को मिलेगी। आज यहां 44 फीसदी नमी होने की संभावना है। इसके अलावा जैसे -जैसे दिन ढलेगा यहां ओस गिरना तय है। ऐसे में बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम को गेंद पकड़ने में मुश्किल होगी और आखिरी के 10-15 ओवरों में परेशानी हो सकती है।
वानखेड़े स्टेडियम की पिच का हाल -
वैसे तो वानखेड़े की पिच हमेशा से पाटा रही है। यहां बल्लेबाजों को खास मदद मिलती है और जमकर रन बरसते हैं। यह मैदान ज्यादा बड़ा नहीं है ऐसे में बाउंड्री छोटी होने की वजह से जमकर चौके और सिक्स लगते हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यहां की पिच से घास हटाई गई है ऐसे में गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिलेगी। इस पिच पर पहली पारी का औसत स्कोर 261 रन है। पहले बल्लेबाजी करते हुए कुल 14 मैच जीते गए हैं और लक्ष्य का पीछा करते हुए 13 मैच जीते गए हैं। वानखेड़े स्टेडियम में उच्चतम स्कोर 438/4 है, जो दक्षिण अफ्रीका ने 2015 में मेजबान भारत के खिलाफ बनाया था।
अगर बारिश हुई तो क्या होगा -
आईसीसी ने सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले के लिए रिजर्व डे रखा है। यानी अगर भारत और न्यूजीलैंड के मैच के दिन 15 नवंबर को बारिश होती है तो फिर मुकाबला 16 नवंबर, गुरुवार को खेला जाएगा। अगर 15 और 16 नवंबर दोनों दिन बारिश होती है और भारत का सेमीफाइनल मुकाबला रद्द हो जाता है तो फिर टीम इंडिया फाइनल में प्रवेश कर जाएगी। दरअसल, आईसीसी के नियम के हिसाब से अगर सेमीफाइनल मैच रद्द होगा तो लीग स्टेज की प्वाइंट्स टेबल में ऊपर रहने वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।
भारत का सेमी-फाइनल में बुरा हाल -
भारत बुधवार को खेले जाने वाले इस मुक़ाबले में 2019 के सेमीफाइनल में मिली करारी हार का बदला लेना चाहेगा। सेमी-फ़ाइनल में भारतीय टीम का रिकॉर्ड बेहद खराब है। इस वर्ल्ड कप से पहले भारत सात बार सेमी-फाइनल में पहुंचा है। जिसमें से सिर्फ तीन बार उन्होंने फाइनल खेला है। भारत 1983, 1987, 1996, 2003, 2011, 2015 और 2019 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है।
Published on:
15 Nov 2023 09:31 am
