
Women's T20 World Cup: भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज जब रविवार 6 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले में उतरेगी तो उसे हर हाल में यह मैच बड़े अंतर से जीतना होगा। विश्व कप में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ग्रुप-ए के अपने पहले मैच में उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ 58 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार से भारतीय टीम का नेट रनरेट पर काफी असर पड़ा है। भारतीय टीम को अपना नेट रनरेट सुधारने के लिए पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करना होगा।
न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के लिए सेमीफाइनल में जगह बनाने की राह काफी मुश्किल हो गई है। टूर्नामेंट में कुल दस टीमें शिरकत कर रही है और दो ग्रुप में पांच-पांच टीमें हैं। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमों को सेमीफाइनल में जगह मिलेगी।
भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अब अपने तीनों मुकाबलों में जीत हासिल करनी होगी। पाकिस्तान के अलावा भारतीय टीम को श्रीलंका और मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त देनी होगी। इसके अलावा, भारत को अन्य टीमों के परिणाम पर भी निर्भर रहना होगा। ऐसे में कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम के लिए हर मैच करो या मरो वाला हो गया है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने काफी गलतियां की। पाकिस्तान ने अपने पहले मुकाबले में मजबूत श्रीलंकाई टीम को शिकस्त दी। पाक टीम की स्पिन गेंदबाजी काफी अच्छी है और भारतीय बल्लेबाजों को संभलकर खेलना होगा।
भारतीय टीम के शीर्ष चार बल्लेबाज शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिगेज और कप्तान हरमनप्रीत कौर न्यूजीलैंड के खिलाफ फ्लॉप रहीं और जल्द आउट हो गई। पाकिस्तान के खिलाफ इन बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाना होगा। खासतौर पर शेफाली वर्मा और हरमनप्रीत कौर पर काफी दबाव होगा, जो लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रही हैं।
भारत और पाकिस्तान महिला टीम के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों के बीच अब तक कुल 15 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें से भारत ने 12 में जीत दर्ज की है। वहीं, इन दोनों टीमों की वर्ल्ड कप में छह बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से भारत ने चार मुकाबले जीते हैं। इस तरह अभी तक भारतीय महिला टीम का पलड़ा भारी रहा है।
Updated on:
06 Oct 2024 09:18 am
Published on:
06 Oct 2024 09:17 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
