17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IPL 2018: अपने बेस प्राइस से 31 गुना महंगे बिके थे गौतम, जीत दिला चुकता किए राजस्थान रॉयल्स के पैसे

संजू सैमसन के पचासे और कृष्णप्पा गौतम की आतिशी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने दर्ज की तीसरी जीत।

3 min read
Google source verification
krishnappa gowtham wins the match for rajasthan royals

नई दिल्ली। संजू सैमसन (52) के शानदार अर्धशतक और बेन स्टोक्स (40) के उपयोगी पारियों के बाद कृष्णप्पा गौतम के 11 गेंदों पर नाबाद 33 रन की मैच विजयी पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में रविवार को एक रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस को तीन विकेट से हरा दिया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 167 रन का मजबूत स्कोर बनाया जिसे राजस्थान ने 19.4 ओवर में सात विकेट पर 168 रन बनाकर हासिल कर लिया।

सैमसन ने जड़ा नौवा आईपीएल अर्धशतक
सैमसन ने 39 गेंदों पर चार चौके लगाए। सैमसन का यह नौवां आईपीएल अर्धशतक है। स्टोक्स ने 27 गेंदों पर तीन चौके और एक सिक्स लगाया। कृषणप्पा गौतम ने 11 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के लगाए। मुंबई से मिले 168 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान ने 38 रन पर अपने दो विकेट गंवा दिए। लेकिन इसके बाद सैमसन और स्टोक्स ने तीसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की।

गौतम ने छीना मुंबई से मैच
मैच उस समय रोमांचक हो गया जब जसप्रीत बुमराह ने 16वें ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर लगातार दो विकेट लेकर राजस्थान को फिर से हार की ओर धकेलना शुरू कर दिया। बुमराह ने इस ओवर में मात्र एक रन दिया और दो विकेट झटके। राजस्थान को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 28 रन की जरुरत थी और गौतम ने 11 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के लगाकर राजस्थान को दो गेंद शेष रहते तीन विकेट से जीत दिला दी। पिछले साल कृष्णप्पा गौतम मुंबई के लिए बेंच पर बैठे थे। मुंबई इंडियंस ने गौतम को सत्र 2017 में खरीदा था और उस सीजन में उनको किसी भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था। मुंबई ने गौतम को 2 करोड़ में खरीदा था। इस साल गौतम को रजथान रॉयल्स ने 6.20 करोड़ रुपये में खरीदा है जो कि उनके बेस प्राइस 20 लाख से 31 गुना ज्यादा है।


पांच मैचों में मुंबई की चौथी हार
राजस्थान की छह मैचों में यह तीसरी जीत है जबकि मुंबई को पांच मैचों में चौथी हार का सामना करना है। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह ने 28 रन पर दो विकेट, और हार्दिक पांड्या ने 25 रन पर दो विकेट लिए जबकि मिशेल मैक्लेघन, क्रुणाल पांड्या तथा मुस्ताफिजुर रहमान ने एक-एक विकेट लिया। इससे पहले सूर्यकुमार यादव (72) और ईशान किशन (58) के बेहतरीन अर्धशतकों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने सात विकेट पर 167 रन का स्कोर बनाया लेकिन उसके गेंदबाज इस स्कोर का बचाव नहीं कर सके।


शुरूआती झटके के बाद सम्भला मुंबई
मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन इविन लुईस खाता खोले बिना टीम के एक रन के स्कोर पर धवल कुलकर्णी की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद सूर्यकुमार और किशन ने संभलकर खेलते हुए अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। सूर्यकुमार ने 47 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्के लगाए। किशन ने 42 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के उड़ाए। सूर्यकुमार और किशन ने दूसरे विकेट के लिए 129 रन की शतकीय साझेदारी की। लीग के 11वें संस्करण में किसी भी टीम द्वारा बनाई गई यह अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। कीरन पोलार्ड ने 20 गेंदों पर नाबाद 21 रन में एक चौका और एक सिक्स लगाया। कप्तान रोहित शर्मा खाता खोले बिना रन आउट हो गए। क्रुणाल पांड्या ने सात और हार्दिक पांड्या ने चार रन बनाए।


जोफरा आर्चर का शानदार आईपीएल डेब्यू
मुंबई की टीम आखिरी 35 गेंदों पर मात्र 37 रन ही बना सकी और इस दौरान उसने अपने छह विकेट भी गंवाए। मुंबई के इन छह विकेटों में से तीन विकेट आईपीएल में अपना पदार्पण कर रहे जोफरा आर्चर ने हासिल किए। मुंबई की टीम आखिरी पांच ओवर में मात्र 32 रन ही जोड़ पाई। राजस्थान के लिए जोफरा आर्चर ने चार ओवर में 22 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट झटके। हालांकि वह हैट्रिक पूरा करने से चूक गए। धवल कुलकर्णी ने 32 रन पर दो विकेट और जयदेव उनादकट ने 31 रन पर एक विकेट हासिल किया।