
आईपीएल 2021 का दूसरा चरण 19 सितंबर से यूएई में खेला जाना है। सभी टीमों ने अभी से इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। कई टीमें तो प्रैक्टिस के लिए यूएई पहुंच भी चुकी हैं। इस बीच राजस्थान रॉयल्स के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी यह है कि दुनिया का नंबर-1 टी20 खिलाड़ी तबरेज शम्सी टीम के साथ जुड़ गया है। वे आईपीएल 2021 के दूसरे हाफ में राजस्थान रॉयल्स टीम की तरफ खेलते दिखेंगे।
एंड्रयू टाय की जगह लेंगे तबरेज शम्सी
दरअसल, राजस्थान रॉयल्स की टीम ने एंड्रयू टाय की जगह तबरेज शम्सी को शामिल किया है। टाय ने कोरोना के मामलों के चलते टीम से अपना नाम वापस ले लिया था। वे टूर्नामेंट को बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौट गए थे। ऐसे में दूसरे हाफ से उनका पत्ता कट हो गया।
दोनों गेंदबाजों में अंतर
टाय मीडियम पेसर तो शम्सी चाइनामैन गेंदबाज हैं। राजस्थान रॉयल्स को एक अच्छे स्पिनर की तलाश भी थी। उसके पास राहुल तेवतिया, मयंक मार्कंडे, श्रेयस गोपाल जैसे भारतीय स्पिनर हैं, लेकिन इनमें से कोई भी पहले हाफ में कारगर साबित नहीं हुआ था। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स को अपने साथ जोड़ा था। शम्सी पहले भी आईपीएल में खेल चुके हैं। वे 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से खेले थे।
39 टी20 मुकाबले में 45 विकेट चटका चुके शम्सी
शम्सी ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 39 टी20 मैच खेलते हुए 45 विकेट चटकाए हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टी20 डेब्यू किया था। वे 27 वनडे मैच खेल चुके हैं, जिसमें 32 विकेट चटकाए हैं। इसके साथ ही राजस्थान रॉयल्स की टीम ने एक बयान जारी कर कहा कि टाय ने खूद कहा था कि वह दूसरे हाफ में नहीं खेल पाएंगे। टाय की ओर से कहा गया, ‘काफी दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मैं आईपीएल 2021 के बाकी हिस्से में राजस्थान रॉयल्स के लिए नहीं खेल पाऊंगा।'
Updated on:
25 Aug 2021 11:10 pm
Published on:
25 Aug 2021 11:08 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
