
KKR vs SRH: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के चैंपियन का फैसला आज हो जाएगा। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी। कोलकाता ने पहला खिताब 2012 में जीता था तो 2014 में इसे दोहराया और दूसरी बार ट्रॉफी उठाई। उसके बाद से केकेआर के खिताब जीतने का इंतजार जारी है। दूसरी ओर सनराइजर्स ने 2016 में पहला और आखिरी खिताब जीता था और तब से टीम अपने दूसरे खिताब का इंतजार कर रही है। अब दोनों टीमें आज शाम 7.30 बजे से आमने होंगी। उससे पहले जान लें किस टीम का पलड़ा भारी है।
कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल के इतिहास में 27 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान सिर्फ 9 बार हैदराबाद को जीत मिली है तो 18 मुकाबलों में कोलकाता नाइट राइडर्स ने जीत हासिल की है। इस सीजन भी दोनों टीमें आईपीएल 2024 के शुरू होने के एक दिन बाद ही मैदान पर आमने सामने हुईं और कोलकाता ने अपना दबदबा कायम रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। यही दोनों टीमें इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के पहले क्वालीफायर्स में आमने सामने हुई और फिर कोलकाता ने बाजी मार ली।
साल 2018 से 2023 तक क्वालीफायर्स 1 जीतने वाली टीमों ने ही खिताब जीता है। आज हैदराबाद के पास इस इतिहास को बदलने का मौका है। ऐसे में चेपॉक में एक बेहद ही रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जाने वाले आईपीएल के फाइनल मुकाबले को फैंस जियो सिनेमा ऐप पर लाइव देख सकते हैं। टीवी चैनल पर भी इस मैच को देखा जा सकता है। इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का फाइनल मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क्स पर अलग अलग भाषाओं में कमेंट्री के साथ प्रसारित किया जाएगा।
Updated on:
26 May 2024, 5:32 PM IST
Published on:
26 May 2024, 5:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.