27 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान रॉयल्स पर मंडरा रहा एलिमिनेटर से बाहर होने का खतरा! सनराइडर्स हैदराबाद के खिलाफ 3 साल से जीत का इंतजार

IPL 2026 Eliminator SRH vs RR: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। दोनों टीमों के बीच अब तक 23 मुकाबले खेले गए हैं और दोनों ही टीमें एक एक बार चैंपियन बनी हैं।

2 min read
Google source verification
rajasthan royals vs sunrisers hyderabad

राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (फोटो- IANS)

Sunrisers Hyderabad vs Rajasthan Royals: आईपीएल 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला आज शाम 7:30 बजे से मुल्लांपुर में खेला जाएगा, जहां राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें फाइनल की ओर एक और कदम बढ़ाना चाहेंगी। इस मैच में हारने वाली टीम के लिए टूर्नामेंट खत्म हो जाएगा, जबकि जीतने वाली टीम को क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस का सामना करना होगा। क्वालीफायर-2 जीतने वाली टीम को फाइनल का टिकट मिल जाएगा। हालांकि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स का रिकॉर्ड रियान पराग एंड कंपनी के लिए सिरदर्द बन गया है।

SRH vs RR के हेड टू हेड आंकड़े

आईपीएल इतिहास में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की कुल 23 बार टक्कर हुई है, जिसमें से 14 बार 2016 की आईपीएल चैंपियन ने बाजी मारी है, तो 9 मैचों में राजस्थान ने जीत हासिल की है। इस सीजन भी इन दोनों टीमों की 2 बार टक्कर हो चुकी है और दोनों ही मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को चारों खाने चित्त किया।

इतना ही नहीं, राजस्थान रॉयल्स का सनराइजर्स के खिलाफ रिकॉर्ड इतना खराब है कि अब उन पर एलिमिनेटर से ही बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। सनराइजर्स के खिलाफ राजस्थान ने आखिरी जीत आईपीएल 2023 में हासिल की थी। उसके बाद से खेले गए पांचों मुकाबलों में राजस्थान रॉयल्स को हार झेलनी पड़ी है।

2023 के बाद नहीं जीता RR

2024 में SRH ने दोनों मैच जीते, तो 2025 में एक ही मैच खेला गया और उसमें भी हैदराबाद ने जीत हासिल की। इस सीजन भी अब तक दो मुकाबले खेले जा चुके हैं और दोनों में पैट कमिंस एंड कंपनी को जीत मिली है।

ऐसे में राजस्थान रॉयल्स आज मुल्लांपुर में कहानी बदलने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। टीम की सबसे बड़ी ताकत बल्लेबाजी है, जहां ध्रुव जुरेल और वैभव सूर्यवंशी रनों का अंबार लगा रहे हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर अन्य बल्लेबाज भी योगदान दे रहे हैं। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और अब तक 21 बल्लेबाजों का शिकार कर चुके हैं। दूसरी ओर सनराइजर्स की बल्लेबाजी पिछले कुछ सीजन से हर विरोधी टीम के लिए खौफ बनी हुई है। अब देखना ये होगा कि एलिमिनेटर में कौन सी बैटिंग लाइन अप ज्यादा गदर मचाती है।