20 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

RCB के पूर्व कप्तान ने खोला बड़ा राज़, बताया टीम के लिए क्या है सबसे बड़ी चुनौती

आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने अभियान का आगाज 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में करेगी।

2 min read
Google source verification
डुप्लेसी और विराट कोहली (फोटो- IANS)

डुप्लेसी और विराट कोहली (फोटो- IANS)

Faf Du Plessis on RCB: आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) इस सीजन अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। हालांकि, फाफ डू प्लेसिस का मानना है कि आरसीबी की आईपीएल 2026 में सफलता काफी हद तक जोश हेजलवुड की उपलब्धता पर निर्भर करेगी। जोश हेजलवुड ने आईपीएल 2025 में आरसीबी को चैंपियन बनाने में अहम किरदार निभाया था। हेजलवुड ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 12 मुकाबलों में कुल 22 विकेट अपने नाम किए थे। हेजलवुड का इकोनॉमी 8.77 का रहा था।

शुरुआती मैचों से बाहर रहेंगे हेजलवुड

पिछले साल 12 नवंबर को शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में खेलते हुए हेजलवुड को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी, जिसके बाद से उन्होंने कोई भी मैच नहीं खेला है। पूरी तरह से फिट नहीं होने की वजह से वह हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा नहीं रहे थे। वहीं, वह आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों में भी नहीं खेल पाएंगे।

फाफ डू प्लेसिस ने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' संग बात करते हुए कहा कि हेजलवुड नई गेंद और साथ ही अंतिम ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हैं और इसी कारण वह गेंदबाजी अटैक का जरूरी हिस्सा हैं। हेजलवुड की गैरमौजूदगी टीम के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। जब वह टीम में थे तब मैं भी आरसीबी की तरफ से खेल रहा था। हमारे पास एक असरदार गेंदबाजी अटैक होता था, लेकिन हेजलवुड के न होने पर एक बहुत बड़ा खालीपन आ जाता है। इसका कारण यह है कि वह पावरप्ले में विकेट निकालते हैं। वह अंतिम ओवरों में भी बेहतरीन गेंदबाजी करते हैं। इसी वजह से मुझे लगता है कि आरसीबी की सफलता काफी हद तक हेजलवुड की उपलब्धता पर ही निर्भर करती है।

'RCB की सबसे बड़ी चुनौती'

पूर्व प्रोटियाज बल्लेबाज ने यह भी बताया कि आरसीबी के घरेलू मैदान चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक मजबूत गेंदबाजी अटैक बनाना हमेशा से एक चुनौती रहा है, क्योंकि यह मैदान बल्लेबाजों के लिए ज्यादा मददगार है, जिससे अनुभवी गेंदबाजों की भूमिका और भी ज्यादा अहम हो जाती है। चिन्नास्वामी में आपको एक फिंगर स्पिनर की जरूरत होती है। आगामी सीजन में आरसीबी की सफलता के लिए गेंदबाजों का सही तालमेल होना बहुत जरूरी है, जिसमें बेहतरीन स्पिनर और हेजलवुड जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज का होना जरूरी है।

आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अपने अभियान का आगाज 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में करेगी। आईपीएल 2025 में रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने 18 साल का सूखा खत्म करते हुए खिताब को अपने नाम किया था।