10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IPL 2026: वानिंदु हसरंगा की जगह LSG ने एक करोड़ में इस खतरनाक गेंदबाज को टीम में किया शामिल

हसरंगा अभी तक अपनी इंजरी से उबर नहीं सके हैं, जिसके चलते वह एलएसजी के लिए इस सीजन उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। जॉर्ज लिंडे पहली बार आईपीएल में खेलते हुए नज़र आएंगे। एलएसजी ने लिंडे को उनके बेस प्राइस 1 करोड़ में टीम से जोड़ा है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Apr 10, 2026

LSG के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा (photo - आईसीसी)

Wanindu Hasaranga Replacement, LSG, IPL 2026: लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर जॉर्ज लिंडे को वानिंदु हसरंगा की जगह टीम में शामिल किया है। हसरंगा इंजरी की वजह से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से बाहर हो गए हैं। एलएसजी ने नीलामी में हसरंगा को 2 करोड़ रुपए में खरीदा था, लेकिन आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में श्रीलंका के पहले मैच के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

हसरंगा अभी तक अपनी इंजरी से उबर नहीं सके हैं, जिसके चलते वह एलएसजी के लिए इस सीजन उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। जॉर्ज लिंडे पहली बार आईपीएल में खेलते हुए नज़र आएंगे। एलएसजी ने लिंडे को उनके बेस प्राइस 1 करोड़ में टीम से जोड़ा है।

जॉर्ज लिंडे साउथ अफ्रीका के लिए अब तक 3 टेस्ट, 4 वनडे और 37 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 403 रन बनाने के साथ-साथ 35 विकेट भी निकाले हैं। लिंडे के पास टी20 क्रिकेट का काफी अनुभव मौजूद है और 250 टी20 मैच खेल चुके हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम इस सीजन के बचे हुए मुकाबलों में जॉर्ज लिंडे से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।

आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अब तक 3 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 2 मुकाबलों में जीत मिली है। वहीं, एक मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। एलएसजी ने आखिरी मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट से जीत दर्ज की। आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में एलएसजी की जीत के नायक 21 वर्षीय बल्लेबाज मुकुल चौधरी रहे, जिन्होंने 27 गेंदों में 54 रनों की दमदार पारी खेली।

पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 181 रन लगाए थे। एलएसजी ने आयुष बदोनी और मुकुल की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 182 रनों के लक्ष्य को आखिरी गेंद पर हासिल किया। आयुष ने 34 गेंदों पर 54 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, मुकुल ने 54 रनों की नाबाद पारी में 2 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाए।