
पैट कमिंस (फोटो- IANS)
Sunrisers Hyderabad vs Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2026 के 44वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को आठवें स्थान पर मौजूद कोलकाता नाइट राइडर्स से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 19 ओवर में अपने सभी विकेट गंवाकर 165 रन बनाए। 166 रनों के लक्ष्य को कोलकाता नाइट राइडर्स ने अंगकृष रघुवंशी की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 19वें ओवर में ही 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। केकेआर की यह सीजन की सिर्फ तीसरी जीत है और इस जीत से उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद की इस हार के बाद उनके प्लेऑफ में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। आपको बता दें कि सनराइजर्स ने 10 मुकाबले खेल लिए हैं और उनके पास 12 अंक हैं। प्लेऑफ का टिकट कंफर्म करने के लिए कम से कम 16 अंक जरूरी माने जाते हैं। ऐसे में बचे हुए चार मुकाबलों में से उन्हें कम से कम 2 मैच जीतने होंगे। सनराइजर्स का अगला मुकाबला पंजाब किंग्स से है। इसके बाद उन्हें गुजरात टाइटंस, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना करना है। ये चारों टीमें शानदार फॉर्म में हैं और इन्हें हराना सनराइजर्स के लिए आसान नहीं होगा। ऐसे में इस हार ने सनराइजर्स हैदराबाद के प्लेऑफ की राह को काफी मुश्किल जरूर बना दिया है।
इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस की एक गलती भारी पड़ी। टॉस जीतने के बावजूद उन्होंने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जिस पिच पर हैदराबाद की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी, उसी पिच पर केकेआर के बल्लेबाजों ने खूब रन बनाए।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी सनराइजर्स हैदराबाद 19 ओवरों में 165 रन पर सिमट गई। टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 3.4 ओवरों में 44 रन की साझेदारी की। अभिषेक 10 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 1 चौका शामिल रहा। इसके बाद ट्रैविस हेड ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचा दिया।
ट्रैविस हेड 28 गेंदों में 3 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 61 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टीम ने 9वें ओवर की समाप्ति तक 105 के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे। इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर पर बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। टीम को ईशान के रूप में 148 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। वह 29 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद टीम जैसे-तैसे 165 के स्कोर तक पहुंच सकी।
कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि सुनील नरेन और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट निकाले। वैभव अरोड़ा, कैमरन ग्रीन और अनुकूल रॉय ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत धुंआधार रही। पहले विकेट के लिए फिन ऐलन और अजिंक्य रहाणे ने 49 रन की साझेदारी की। चौथे ओवर में जब ऐलन आउट हुए, तब अंगकृष रघुवंशी ने मोर्चा संभाला और रहाणे के साथ मिलकर केकेआर की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। हालांकि लक्ष्य के करीब पहुंचकर अंगकृष (59) और रहाणे (43) आउट हो गए। बचा हुआ काम रिंकू सिंह और कैमरन ग्रीन ने कर दिया और 18.2 ओवर में ही टीम को जीत दिला दी।
Updated on:
03 May 2026 07:15 pm
Published on:
03 May 2026 07:05 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
